विभाजन की पीड़ा हमें एकता और अखंडता का संदेश देती है: डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेई




गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर 14 अगस्त 2025 को सायं 5 बजे जानकी भवन, कविनगर रामलीला ग्राउंड में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। मुख्य अतिथि डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेई (सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष) ने कहा कि विभाजन केवल सीमाओं का बंटवारा नहीं था, बल्कि करोड़ों लोगों के जीवन, सपनों और इतिहास पर गहरी चोट थी। दुर्भाग्यवश, तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व की राजनीतिक गलतियों और दूरदर्शिता के अभाव ने इस त्रासदी को और गहरा किया। आज जब हम विभाजन के घावों को याद करते हैं, तब हमें यह भी देखना चाहिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश एक नई दिशा में, मजबूती और आत्मगौरव के साथ आगे बढ़ रहे हैं। यह वह समय है जब भारत की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के लिए हर नागरिक को अपना योगदान देना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने की। उन्होंने कहा कि विभाजन के दर्द और त्रासदी ने देश के करोड़ों लोगों को विस्थापन, हिंसा और अपार पीड़ा दी। आज का यह दिन हमें न केवल उनके बलिदान को याद करने का अवसर देता है, बल्कि यह भी प्रेरणा देता है कि हम अपने देश की अखंडता और एकता को सदैव बनाए रखें। विभाजन के घाव आज भी करोड़ों भारतीयों के दिल में ताजा हैं। हमें यह संकल्प लेना होगा कि ऐसी त्रासदी दोबारा कभी न हो और देश में भाईचारे का वातावरण सदा बना रहे। विशिष्ट अतिथि अनिल अग्रवाल (पूर्व राज्यसभा सांसद) ने कहा कि विभाजन के समय जिन परिवारों ने अपना सब कुछ गंवाया, उनका बलिदान हमें हमेशा प्रेरित करेगा। आज हमें वचन देना चाहिए कि हम देश की प्रगति के लिए मिलकर काम करेंगे। पूर्व महापौर आशु वर्मा ने कहा कि विभाजन के दौरान माताओं-बहनों ने जो कठिन परिस्थितियां झेली, उनका साहस और धैर्य अद्वितीय है। हम उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं। पूर्व महापौर आशा शर्मा ने कहा कि विभाजन की इस विभीषिका ने हमें यह भी सिखाया कि कोई भी राष्ट्र तभी सशक्त होता है जब उसके नागरिक एकजुट होकर चुनौतियों का सामना करते हैं।
अनुसूचित मोर्चा क्षेत्रीय महामंत्री हर्ष जाटव ने कहा कि विभाजन की पीड़ा ने हमें एकता का महत्व समझाया। देश की रक्षा और समृद्धि के लिए हम सबको मिलकर कार्य करना होगा।
भाजपा पूर्व अध्यक्ष अशोक मोंगा ने कहा कि विभाजन के समय विस्थापित हुए परिवारों ने कठिन संघर्ष के बाद नया जीवन बनाया। उनका परिश्रम और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
सिख समाज के प्रमुख नेता सरदार एसपी सिंह ने कहा कि विभाजन में सिख समुदाय ने अपार बलिदान दिए। आज हम उन सभी वीर आत्माओं को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हैं और एकजुट भारत के निर्माण का संकल्प लेते हैं। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे और मौन रखकर पैदल मार्च करते हुए विभाजन के दौरान बलिदान देने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मंचासीन अतिथियों में हर्ष जाटव (क्षेत्रीय महामंत्री), राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, पूर्व विधायक कृष्णवीर सिरोही, रूप चौधरी, पूर्व महापौर आशा शर्मा, पूर्व महापौर आशु वर्मा, जगदीश साधना, अमर दत्त शर्मा, अशोक मोंगा, सरदार एसपी सिंह, सरदार रविन्द्र जौली, सुरेश कश्यप, सतीश चोपड़ा, मलकीत जस्सर, अजय शर्मा, सुभाष चंद्र शर्मा, गुलशन भांबरी, हिमांशु लव, प्रदीप चौहान आदि सिख पंजाबी समाज के प्रमुख जन उपस्थित रहे। संचालन बॉबी त्यागी ने किया। कार्यक्रम संयोजक संजय कांत शर्मा, सचिन डेढ़ा, नवीन शर्मा, गौरव चोपड़ा, ललित कश्यप, पंकज भारद्वाज, मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम को नई पीढ़ी के लिए सजीव बनाने के उद्देश्य से एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेई ने किया।



