उत्तर प्रदेशगाजियाबाद
डीएम की दो टूक-कार्यों में लापरवाही नहीं की जायेगी बर्दाश्त

- कोई भी कार्य अनावश्यक रूप से विलम्बित न हो
- समयानुसार कार्य हो, प्रार्थियों से हो मधुर व्यवहार, शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें
गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक आवश्यक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभागों के अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रशासनिक कार्यों में शिथिलता न बरतने हेतु स्पष्ट निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कोई भी कार्य अनावश्यक रूप से विलम्बित न हो। आवेदकों/प्रार्थियों से मधुर और सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करते हुए सभी कार्य नियमानुसार, समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं की बात को गंभीरता से सुना जाए, उसकी समुचित जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाए ताकि लोगों को समय पर न्याय मिल सके। मांदड़ ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं सन्तोषजनक निस्तारण पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल निस्तारण की संख्या नहीं, बल्कि गुणवत्ता भी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कोर्ट से संबंधित प्रकरणों को भी समयबद्ध ढंग से निपटाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि फील्ड वर्क के दौरान पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कार्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया तथा कहा कि एक स्वच्छ और व्यवस्थित कार्यालय वातावरण न केवल कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाता है, बल्कि आम जनता को भी सकारात्मक संदेश देता है। बैठक में अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार सहित राजस्व विभाग अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



