भारतीय रेडक्रास सोसायटी की प्रबंध कार्यकारिणी की हुई बैठक बैठक, किए गए कार्यों पर हुई चर्चा


गाजियाबाद। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की शाखा गाजियाबाद की प्रबंध कार्यकारिणी की बैठक संजयनगर स्थित होटल फॉर्चून में आयोजित की गई। जिसमें समिति के सदस्यों, सलाहकारों व कोर कमेटी द्वारा प्रतिभाग किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि प्रोफेसर एवं चांसलर डॉक्टर अंजुल अग्रवाल, एचआरआईटी यूनवर्सिटी रहे और विशिष्ट अतिथि इनर व्हील की अध्यक्ष सुषमा गुप्ता रही। ब्रांड एंबेसडर के रूप में डॉक्टर रिचा सूद नेशनल चैंपियन डिस्कस थ्रो एवं शिक्षाविद, उपस्थित रही। बैठक का प्रारंभ दीप प्रज्जवलन और अतिथियों को पौधा भेंट करके किया गया। इसके बाद रेड क्रॉस के उपाध्यक्ष अनिल गर्ग द्वारा वर्ष 2024-25 में रेडक्रॉस के द्वारा किए गए कार्यों का विवरण तथा रेडक्रॉस द्वारा किस प्रकार अलग-अलग जरूरतमंदों को सहायता पहुंचाई गई, कितने ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किए गए जिससे हजारों लोगों को फायदा पहुंचा, इन सभी क्रियाकलापों को व्यवस्थित क्रम में प्रस्तुत किया। साथ ही रेडक्रॉस एक विश्वव्यापी संस्था के रूप में कार्य के लिए जानी और पहचानी जाती है इसे अनेक उदाहरणों के साथ प्रस्तुत किया। आर्मी बैकग्राउंड से मेजर डॉक्टर प्राची गर्ग ने रेड क्रॉस की भूमिका युद्ध के समय और युद्ध के अलावा क्या होती है इस पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. राकेश गुप्ता, सर्विलांस अधिकारी चिकित्सा विभाग, ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ रेडक्रॉस के साथ मिलकर आम व्यक्तियों तक पहुंचाने की बात सहज और सरल रूप से सबके सामने रखी। टी.बी.उन्मूलन में महत्वपूर्ण कार्य करने वाले डॉक्टर दिनेश ने टी.बी.मरीजों को पुष्टाहार(पोटली) वितरण करने हेतु अपील की बच्चों युवाओं और आम नागरिकों को नशे से मुक्त करने की मुहिम पर कार्य योजना प्रस्तावित की। इसके बाद नवनियुक्त सलाहकारों को सम्मान प्रतीक तथा नियुक्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. अंजुल अग्रवाल ने जरूरतमंदों को चिकित्सा सुविधा निशुल्क एचआरआईटी कॉलेज में बनाई जा रहे चिकित्सा केंद्र में प्रदान करने की बात कही और रेडक्रॉस के लिए ज्यादा से ज्यादा युवाओं को जोड़कर सदस्य बनाने और संगठन को मजबूत करने में स्वयं का सहयोग देना प्रस्तावित किया। इस अवसर पर यूथ रेड क्रॉस के चार सदस्यों अयन गर्ग, कुणाल मुद्गल, सौम्या और जैन को भी कार्यभार सौंपा गया। इनर व्हील की अध्यक्ष ने भी रेडक्रॉस को शुभकामनाएं दी एवं ब्रांड एंबेसडर डॉ. ऋचा सूद ने कहा कि वह तीन टीबी मरीजों के पुष्टाहार पर होने वाले खर्च को वहन करेंगी और चिकित्सा विभाग के साथ मिलकर बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं को जागरूक करने का कार्य करेंगी। रेडक्रॉस की सचिव डॉक्टर किरण गर्ग ने गणमान्य अतिथियों को सम्मान प्रतीक भेंट किये। इस अवसर पर सभी सदस्यों को वर्ष 2024-25 की रिपोर्ट एक बुकलेट के माध्यम से प्रदान की गई। अंत में सभापति ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम संचालन पूनम शर्मा ने किया।



