2 अगस्त 2025 यानी कल शनिवार को मनाया जायेगा पीएम किसान उत्सव दिवस

- किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त होगी प्राप्त
गाजियाबाद। उप कृषि निदेशक गाजियाबाद राम जतन मिश्र ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से अवगत कराया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनान्तर्गत कृषकों को दी जाने वाली 20वीं किस्त 2 अगस्त, 2025 को प्रधानमंत्री द्वारा वाराणसी से जारी की जाएगी। यह कार्यक्रम 2 अगस्त 2025 का पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में जनपद के सभी विकासखण्डों, कृषि विज्ञान केन्द्र, पीएम—किसान समृद्धि केन्द्रों, पीएसीएस तथा एफपीओएस पर प्रसारित किया जायेगा। किसान भाई वर्चुअल रूप से लिंक के माध्यम से जुड़कर लाइव प्रसारण देख सकते हैं। यह कार्यक्रम प्रात: 10 बजे से 11 बजे तक स्थानीय स्तर पर किया जायेगा, तत्पश्चात मुख्य कार्यक्रम 11 बजे से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम समाप्त होने के पश्चात प्रदेश में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में उपस्थित लाभार्थियों से सम-समायिक तकनीकी चर्चा का सत्र चलाया जायेगा। इस कार्यक्रम में तकनीकी सत्र के अन्तर्गत कृषि, पशुपालन, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण आदि विभाग द्वारा योजनाओं की भी जानकारी उपलब्ध करायी जायेगी। किसान भाइयों से अनुरोध है कि विकास खण्ड परिसर पर उपस्थित होकर विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।



