म्यांमार भूकंप राहत अभियान में विशिष्ट योगदान देने वाली एनडीआरएफ की टीम के सम्मान में समारोह आयोजित



गाजियाबाद। म्यांमार में आये भीषण भूकंप के राहत अभियान आॅपरेशन ब्रह्मा के अंतर्गत सेवा प्रदान करने वाली 8वीं बटालियन की रेस्क्यू टीम के विशिष्ट योगदान और उत्कृष्ट सेवा को सम्मानित करने हेतु एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पियूष आनंद (आईपीएस, महानिदेशक, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) रहे। इनका स्वागत नरेन्द्र सिंह बुंदेला (आईपीएस ,महानिरीक्षक), मोहसिन शाहेदी, (उप महानिरीक्षक, (आॅप्स)) तथा प्रवीण कुमार तिवारी (उप महानिरीक्षक 8वी बटालियन द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि पियूष आनंद ने टीम की साहसिक सेवाओं और मानवीय योगदान की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
बता दें कि 29 जुलाई, 2025 को हिंडन एयरबेस से 80 रेसक्यूर्स की टीम पी.के. तिवारी (कमांडेंट) के नेतृत्व में म्यांमार के लिए रवाना हुई थी। इस टीम में 6 अधिकारी, 74 अन्य रेसक्यूर्स के साथ , महिला रेसक्यूर्स तथा के-9 डॉग यूनिट भी शामिल थीं, टीम आॅपरेशन ब्रह्मा को सफल कर वतन को वापस पहुँची थी। टीम ने सबसे ज्यादा 7 दिन तक कुल 14 राहत कार्य क्षेत्रों में सेवाएं दीं, जिनमें से 64 मृत शरीरों की बरामदगी की गई। अत्याधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षण से सुसज्जित यह टीम भूकंप प्रभावितों को त्वरित सहायता पहुंचाने में पूर्णत: सक्षम रही। यह अभियान भारत की मानवीय सहायता की प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा जिसके लिए एनडीआरएफ को विशेष प्रतिक चिन्ह प्रदान किए गए। टीम के सराहनीय कार्यों ने न केवल बल की प्रतिष्ठा बल्कि देश के गौरव को भी बढ़ाया। टीम की उपलब्धियों और सेवा भावना को सम्मानित करने के लिए यह आयोजन एक प्रेरणास्पद पहल रहा, जिससे भविष्य के रेसक्यूर्स का मनोबल और उच्च होगा।



