कांवड़ियों को न हो कोई समस्या, सुरक्षा और सुविधा का रखा जाए पूरा ध्यान: सीएम योगी

- कांवड़ यात्रा की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, यात्रा मार्गों पर विशेष व्यवस्था के निर्देश
- कांवड़ शिविरों में सुविधाएं, स्वच्छता, पेयजल और चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के मुख्यमंत्री ने दिये निर्देश
- सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए सीसीटीवी, बैरिकेडिंग और पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर सीएम का जोर
- ईको-फ्रेंडली कांवड़ यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने दिये निर्देश, प्लास्टिक मुक्त शिविरों और डस्टबीन की व्यवस्था के निर्देश
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एकदिवसीय दौरे पर गुरुवार को गाजियाबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों और हिन्डन नदी पुनर्जीवित योजना को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर अफसरों से विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने मुरादनगर से टीला मोड़, कादराबाद बार्डर से गाजियाबाद-दिल्ली बार्डर, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और एनएच-24 व एनएच-9 पर विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने वॉच टावर, कांवड़ शिविर, सड़क मरम्मत, मार्ग प्रकाश, सीसीटीवी, शौचालय, स्वच्छ पेयजल, और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा, डिवाइडर कट पर बैरिकेडिंग, खाद्य पदार्थों की दुकानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शन, मांस-मदिरा की दुकानों को बंद करने और विद्युत पोलों पर 5 फुट ऊंचाई तक इंसुलेटेड प्लास्टिक शीट लगाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाओं पर जोर दिया। उन्होंने महत्वपूर्ण स्थानों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम, मानव रहित रेलवे फाटकों पर प्रबंधन, सामुदायिक शौचालयों और पेट्रोल पंपों पर सफाई, खाद्य सामग्री की नियमित जांच और महिला-पुरुष शौचालयों की पृथक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। कांवड़ शिविरों में डस्टबीन, स्वच्छता मित्रों की तैनाती, अग्निशमन यंत्र, बालू, और पानी की व्यवस्था के साथ-साथ प्लास्टिक मुक्त और ईको-फ्रेंडली कप, गिलास और प्लेट के उपयोग को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। सीएम ने यात्रा को शांतिपूर्ण और भव्य बनाने के लिए प्रशासन को हर स्तर पर तैयार रहने को कहा।



