कोरी समाज संगठन के पदाधिकारियों के प्रयास ला रहे रंग, पहली मांग हुई पूरी, जारी हुए आदेश

गाजियाबाद। कोरी समाज द्वारा बीती 25 मई को नेहरू नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय आॅडिटोरियम में कोरी समाज सम्मेलन का आयोजन किया गया था। जिसमें कोरी समाज के द्वारा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। परंतु दिल्ली में मुख्यमंत्री परिषद की बैठक होने के कारण उपमुख्यमंत्री सम्मेलन में शामिल नहीं हो सके थे। इस दौरान कोरी समाज सम्मेलन में कोरी समाज के अध्यक्ष लेखराज माहौर के द्वारा पश्चिम उत्तर प्रदेश के सहारनपुर मंडल और मेरठ मंडल में कोरी समाज के जाति प्रमाण पत्र में हो रही परेशानियों के विषय में कोरी समाज की प्रमुख तीन मांगों को मांग पत्र के द्वारा रखा गया था। जिसमें तत्काल प्रभाव से पश्चिम उत्तर प्रदेश में कोरी समाज के जाति प्रमाण पत्र आसानी से बनाए जाने, कोरी के समनार्थी कोली या हिन्दू जुलाहा को अधिसूचित किया जाए। कोरी समाज के व्यक्तियों को पश्चिम उत्तर प्रदेश में राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिया जाए। यह प्रमुख मांगे थीं। इसके बाद हाल ही में लेखराज माहौर एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संयोजक अजय शर्मा के द्वारा केशव प्रसाद मौर्य से नई दिल्ली स्थित उत्तर प्रदेश सदन में मुलाकात कर उक्त कोरी समाज सम्मेलन के विषय में सभी जानकारियां दी एवं मांग पत्र के द्वारा कोरी समाज की प्रमुख तीन मांगों को उपमुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। कोरी समाज सम्मेलन के अध्यक्ष लेखराज माहौर एडवोकेट ने बताया कि केशव प्रसाद मौर्य के द्वारा कोरी समाज सम्मेलन के दौरान रखी गई। तीनों मांगो में से एक मांग कोरी समाज के जाति प्रमाण पत्र में हो रही परेशानी के विषय को संज्ञान लेते हुए, सहारनपुर मंडल एवं मेरठ मंडल को तत्काल प्रभाव से मांग पत्र में रखी गई समस्या का संज्ञान लेते हुए आदेशित किया गया है कि दोनों मंडल सहारनपुर व मेरठ मंडल में कोरी समाज के जाति प्रमाण पत्रों को बनाये जाने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए और सरल प्रक्रिया के तहत कोरी समाज को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएं। इस अवसर पर कोरी समाज सम्मेलन के अध्यक्ष लेखराज माहौर एडवोकेट और उनकी पूरी टीम ने केशव प्रसाद मौर्य का आभार प्रकट किया।



