अहमदाबाद में हुए विमान हादसे से पूरा देश दुखी, पीएम मोदी ने टवीट कर कहा- इस त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया

नई दिल्ली। अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान के क्रैश होने की पर डीजीसीए ने बयान जारी किया है। डीजीसीए ने कहा है कि 12 जून को विमान अहमदाबाद से गैटविक के लिए उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 2 पायलट और 10 केबिन क्रू सहित 242 लोग सवार थे। विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल के पास फर्स्ट आॅफिसर क्लाइव कुंदर के साथ थी। कैप्टन सुमीत सभरवाल 8200 घंटों के अनुभव वाले पायलट हैं। सह-पायलट के पास 1100 घंटों की उड़ान का अनुभव था। एटीसी के अनुसार विमान ने रनवे 23 से 1 बजकर 39 मिनट पर पर अहमदाबाद से उड़ान भरी थी। रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान हवाई अड्डे की परिधि के बाहर जमीन पर गिर गया। दुर्घटनास्थल से भारी काला धुआं निकलता देखा गया। अहमदाबाद में क्रैश हुए एयर इंडिया की लंदन वाली फ्लाइट के विमान में पैसेंजर्स की लिस्ट में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी का नाम भी शामिल है। अहमदाबाद प्लेन हादसे में 61 विदेशी नागरिक भी सवार थे। कुल यात्रियों में 169 भारतीय, ब्रिटेन के 53 यात्री, पुर्तगाल के 7 और कनाडा का एक यात्री शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर हादसे पर खेद जताया है। उन्होंने ट्वीट में कहा कि अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे हृदय विदारक है। इस दुख की घड़ी में, मेरी संवेदनाएं इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं। विमान के क्रैश होने में बड़े नुकसान की संभावना जताई जा रही है। विमान में पायलट और केबिन क्रू को मिलाकर कुल 242 लोग सवार थे। इसमें जहा 130 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही जा रही है तो वहीं विमान एयरपोर्ट के पास जिस जगह पर गिरा। वहां पर डॉक्टरों का हॉस्टल था। विमान के हिस्से के बिल्डिंग पर गिरने से 20 इंटर्न डाक्टर छात्रों की मौत की आशंका व्यक्त की गई है। जानकारी के अनुसार यह इस हॉस्टल में काफी छात्र मौजूद थे। विमान में 169 भारतीय सवार थे। बाकी विदेशी नागरिक शामिल थे।



