मुख्यमंत्री योगी ने प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता का किया शुभारम्भ

- प्रधानमंत्री जी ने देश में एक नई खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया
- प्रतियोगिता में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों व राज्य पुलिस बलों की 75 टीमें ले रही हिस्सा
- कुल 1,341 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे, इनमें 336 महिला खिलाड़ी भी शामिल
- 5 वर्षों में 500 से अधिक खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश बल का हिस्सा बनाया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना को साकार करने के लिए हमें स्वस्थ भारत चाहिए और स्वस्थ भारत के लिए खेलकूद की गतिविधियों को प्रत्येक स्तर पर प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है। इसीलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में एक नई खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया है। खेलो इण्डिया, फिट इण्डिया मूवमेण्ट या देश में प्रत्येक जनपद में खोले गए स्पोर्ट्स अथॉरिटी आफ इण्डिया के सेण्टर इस बात के उदाहरण हैं। इसके दृष्टिगत प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में किया जा रहा है, जिसमें केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों की 75 टीमें सहभागी बन रही है।
मुख्यमंत्री शहीद चन्द्रशेखर आजाद क्रीड़ा संकुल, 35वीं वाहिनी पीएसी में आयोजित प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता 2024-25 (हैण्डबॉल/बास्केटबॉल) का उद्घाटन करने के बाद इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। प्रतिभागी टीमों द्वारा मार्चपास्ट किया गया। मुख्यमंत्री ने उनका मान-प्रणाम स्वीकार किया। महिला आरक्षी सुश्री बरखा सोनकर ने मुख्यमंत्री को मशाल सौंपी। मुख्यमंत्री द्वारा मशाल आरक्षी विक्रान्त सिंह को सौंपी गयी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एक स्मारिका का विमोचन भी किया।
खेल व खेलकूद गतिविधियां रही हैं प्राचीनकाल से भारत का हिस्सा
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल व खेलकूद की गतिविधियां प्राचीनकाल से ही भारत के जीवन का हिस्सा रही हैं। भारतीय मनीषा ने कहा है कि शरीरमाद्यं खलु धर्म साधनम अर्थात धर्म के जितने भी साधन है, उनकी पूर्ति एक स्वस्थ शरीर से ही सम्भव है। स्वस्थ शरीर में ही एक स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से अगले 04 दिनों तक प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता 2024-25 का आयोजन प्रदेश की राजधानी लखनऊ में किया जा रहा है। इसमें केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों व राज्य पुलिस बलों से जुड़ी 75 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। कुल 1,341 खिलाड़ी इस आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें 336 महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने क्लस्टर प्रतियोगिता के उत्तर प्रदेश में आयोजन करने के लिए प्रधानमंत्री तथा केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह खेल के महाकुंभ जैसा है
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह खेल के महाकुम्भ जैसा है। सुदूर मणिपुर, जम्मू-कश्मीर, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों की टीमें इस आयोजन का हिस्सा बन रही हैं और इसे एक नई ऊँचाई तक पहुंचाकर एक भारत, श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार कर रही हैं। खेल और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए देश ने एक नई खेल संस्कृति को आगे बढ़ाया है। इसी का परिणाम है कि आज खेलकूद भी व्यक्ति के जीवन को सजाने और संवारने का एक माध्यम बन रहा है।
यूपी में खेल नीति 2023 से लागू है
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने खेल नीति-2023 लागू की है। हमने विगत 5 वर्षों के दौरान अन्तरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदार बने और मेडल प्राप्त करने वाले 500 से अधिक खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनाया है। इससे उत्तर प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए समाज के अलग-अलग तबकों में नया प्रोत्साहन देखने को मिल रहा है। अलग-अलग विभागों के माध्यम से भी खिलाड़ियों के लिए विशेष प्राविधान किए गए हैं। खेलकूद की गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए 65,000 से अधिक युवक मंगल दल एवं महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट वितरित किए गए हैं।
अनेक खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से दी हैं सरकारी नौकरियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के ओलम्पिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स तथा वर्ल्ड चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले अनेक खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस बल और अन्य विभागों में नियुक्ति प्रदान की गई है। इन खिलाड़ियों में हॉकी खिलाड़ी ललित कुमार उपाध्याय, क्रिकेट खिलाड़ी सुश्री दीप्ति शर्मा, एथलेटिक्स खिलाड़ी पारुल चौधरी, शूटिंग खिलाड़ी अखिल श्योराण, कबड्डी खिलाड़ी अर्जुन देशवाल शामिल हैं। इन्हें हमने सीधे डिप्टी एसपी का पद देकर उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जूडो खिलाड़ी विजय कुमार यादव तथा कुश्ती खिलाड़ी सुश्री दिव्या काकरान को नायब तहसीलदार, कैनो स्प्रिंट खिलाड़ी अर्जुन सिंह को यात्रीकर अधिकारी, एथलेटिक्स खिलाड़ी सुश्री प्राची एवं रोइंग खिलाड़ी को जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक दल अधिकारी के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है। हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल की पुलिस उपाधीक्षक के पद पर नियुक्ति की कार्यवाही वर्तमान में प्रचलित है।
उत्तर प्रदेश में खेलों के लिए हैं 84 स्टेडियम
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 84 स्टेडियम, 67 बहुउद्देशीय हॉल, 15 सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम, 2 अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, 13 कुश्ती हॉल, 38 तरणताल, 47 अत्याधुनिक जिम सेंटर, 20 सिन्थेटिक टेनिस कोर्ट, 16 छात्रावास भवन, 8 शूटिंग रेंज, 14 सिन्थेटिक बास्केट बॉल कोर्ट, 4 सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, 2 जूडो हॉल, 12 वेटलिफ्टिंग हॉल, 2 इण्डोर वॉलीबॉल हॉल तथा 19 डॉरमेट्री आदि खेल अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया गया है। वर्तमान में प्रदेश के 18 जनपदां में खेल विभाग द्वारा संचालित 44 स्पोर्ट्स हॉस्टल में 16 खेलों के 740 खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था उपलब्ध है।
यूपी में खोले गए हैं तीन स्पोर्ट्स कालेज
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में 3 स्पोर्ट्स कॉलेज-लखनऊ, गोरखपुर तथा इटावा में संचालित हैं, जिनमें खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ कुशल प्रशिक्षकों की तैनाती की गई है। गुरु गोबिन्द सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ के मेजर ध्यान चन्द हॉकी स्टेडियम में अन्तरराष्ट्रीय स्तर का एस्ट्रोटर्फ लगाया गया है तथा फ्लड लाइट की व्यवस्था भी की गयी है। स्पोर्ट्स कॉलेजों तथा स्पोर्ट्स हॉस्टलों के खिलाड़ियों की प्रतिदिन की डाइट मनी बढ़ाने का कार्य किया गया है। स्पोर्ट्स हॉस्टलों में उत्कृष्ट प्रशिक्षण के लिए 50 अन्तरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को 01 लाख 50 हजार रुपये प्रतिमाह के मानदेय पर नियुक्त किया गया है।
वाराणसी में तीसरे अन्तरराष्ट्रीय किक्रेट स्टेडियम का निर्माण चल रहा युद्धस्तर पर
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वाराणसी में प्रदेश के तीसरे अन्तरराष्ट्रीय किक्रेट स्टेडियम का निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है। वाराणसी के सिगरा में डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम में 287 करोड़ रुपये की लागत से अन्तरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नए इण्डोर स्टेडियम का निर्माण किया गया है। इसमें बैडमिण्टन, बास्केटबॉल, स्विमिंग, स्नूकर सहित 20 से अधिक इण्डोर खेलां की सुविधाएं प्रदान की गई हैं। उत्तर प्रदेश के जनपद मेरठ में मेजर ध्यानचन्द स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय की स्थापना का कार्य वर्तमान में युद्धस्तर पर चल रहा है। इस विश्वविद्यालय का पहला सत्र इसी वर्ष से प्रारम्भ होने जा रहा है


