लेटेस्टशहर

धूमधाम से मनाया गया वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति का स्थापना दिवस

गाजियाबाद। वरिष्ठ नागरिक समिति ने अपना 24 वां स्थापना दिवस 23 दिसंबर शनिवार को लायन्स नेत्र चिकित्सालय के सभागार में समिति अध्यक्ष डाक्टर जे.एल रैना की अध्यक्षता में धूमधाम से मनाया। समारोह के मुख्य अतिथि समिति के वरिष्ठ सदस्य आर.ए. गोयल थे जिनका समिति के अध्यक्ष डाक्टर रैना ने बुके देकर व सदस्यों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्जवलन से हुआ। समिति के महासचिव आरके गुप्ता ने समिति की पृष्ठभूमि, उद्देश्यों एवं विभिन्न गतिविधियों से सदन को अवगत कराया। उनहोंने कहा कि देश का स्वर्णिम भविष्य शिक्षित बच्चों पर ही आधारित है इसलिए समिति का प्रयास रहता है कि धन का अभाव उनकी शिक्षा में बाधा न बने। समिति इस वर्ष लगभग 9 लाख रूपए की धनराशि बच्चों को छात्रवृत्ति के रूप में बांट चुकी है। कार्यक्रम में 18 निराश्रित वृद्धों-महिलाओं व पुरूषों को गर्म कपड़ों की किट देकर सम्मानित किया। इसी के साथ समिति के 80 वर्ष पूर्ण करने वाले 9 सदस्यों व मुख्य अतिथि को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसी कड़ी मे शहर के विभिन्न विद्यालयों के आर्थिक रूप से कमजोर 68 मेधावी छात्र-छात्राओं को 275000 रुपए की छात्रवृत्ति वितरित की गई। । मुख्य अतिथि ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा से ही समाज में बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने समिति द्बारा किये जा रहे प्रयासों की भूरी भूरी प्रशंसा की। इस अवसर पर समिति की स्मारिका जीवन ज्योति का विमोचन भी मुख्य अतिथि द्वारा किया गया। मंच संचालन वी पी रस्तोगी ने किया। तत्पश्चात कवि सम्मेलन का शुभारम्भ जाने माने कवि गोविंद गुलशन की अध्यक्षता में सुन्दर सरस्वती वंदना के साथ हुआ जिसमें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कवियों विनोद पांडेय, श्रीमती अंजू जैन,सुश्री शैलजा सिंह,डा. चेतन आनंद ने अपनी अपनी सुन्दर रचनाओं से उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर सभी की खूब वाहवाही लूटी। कवि सम्मेलन का संचालन चेतन आनंद द्वारा किया गया। समिति के अध्यक्ष डाक्टर रैना ने बच्चों को सम्बोधित करते हुए कहा कि सफलता का मूल मंत्र कठिन परिश्रम है अत: खूब पढ़ो। डा: रैना ने सभी कवियों को सम्मानित किया व कार्यक्रम में अपना कीमती समय देने के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी उपस्थित सदस्यों, मातृशक्ति व अतिथियों का धन्यवाद किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह समाप्त हुआ। तत्पश्चात सभी आगंतुकों ने एनपी अग्रवाल द्वारा प्रायोजित स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया। इस अवसर पर हरिपाल सिंह,अनिल चौधरी,वी के शर्मा , विनोद भार्गव, वी पी सिंह, रमेश अरोरा,बी जी शर्मा,रंजनाभार्गव, राजश्री रैना,एम बी भारद्वाज,मिथलेश बंसल, डी के शर्मा आदि बड़ी संख्या में वरिष्ठ जन व मातृशक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button