
नई दिल्ली। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि कोरोना संकट से निपटने में केन्द्र सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए संसदीय दल की बैठक में कोरोना की ताजा स्थिति पर सोनिया गांधी ने पार्टी के लोकसभा सांसदों से बातचीत की। बैठक में पूर्व हाल ही में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, अहमद पटेल, मोतीलाल वोरा, तरुण गोगोई सहित संसद के सभी पूर्व सदस्यों (सांसदों) के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। बता दें कि सोनिया गांधी कोरोना टीकाकरण में भेदभाव का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री मोदी को पत्र भी लिख चुकी हैं। उधर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री पी चिंदबरम ने ट्वीट कर कहा कि कोरोना वायरस से देश में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन अपनी जिम्मेदारियों से बचने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में कोरोना वैक्सीन का टोटा है। लेकिन सरकार इस बात से भी मुंह फेर रही है। तमिलनाडु में 45 साल से ऊपर के लोगों को अभी तक वैक्सीन की पहली डोज भी नहीं लगी है।



