अफगान सेना के हवाई हमलों में 572 आतंकी ढेर, तीसरी प्रांतीय राजधानी पर तालिबान का कब्जा

Share on

काबुल। अफगानिस्तान में तालिबान ग्रामीण क्षेत्रों पर कब्जे के बाद अब प्रांतीय राजधानियों में भी तेजी से घुस रहा है। लगातार तीसरे दिन तालिबान ने तीसरी प्रांतीय राजधानी पर भी कब्जा कर लिया। उसके आतंकी कुंदुज पर कब्जा करने में सफल हो गए हैं। अन्य प्रांतीय राजधानियों पर कब्जे को लेकर भीषण संघर्ष चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, तालिबान आतंकियों ने जौजान प्रांत में मार्शल अब्दुल राशिद दोस्तम का घर तोड़ दिया है और उनके सभी हथियार लूट लिए हैं। दोस्तम पिछले बुधवार को ही अफगानिस्तान लौटे हैं। अफगान सेना तालिबान का कब्जा हटाने के लिए ताबड़तोड़ हवाई हमले कर रही है। शबरगान में दो सौ आतंकियों को मारने के साथ ही सेना ने पूरे अफगानिस्तान में 572 आतंकियों को मारने का दावा किया है।

जानकारी के अनुसार, तालिबान के कब्जे वाले जिलों और शहरों में हालात खराब हैं। कब्जा करने वाले स्थानों पर तालिबान आतंकी मस्जिद के लाउडस्पीकर पर लड़कियों को सौंपने का एलान करते हैं। फिर उनको वहां से ले जाकर जबरन शादी कर रहे हैं। तालिबान आतंकी नागरिकों से अपने घर में मौजूद महिलाओं की संख्या और उम्र पूछ रहे हैं। कई स्थानों पर तो तालिबान आतंकियों के डर से लोग अपने घर की महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर भेज रहे हैं। महिलाओं पर अत्याचार के साथ ही लूटपाट भी की जा रही है।

शबरगान पर तालिबान के कब्जे के बाद अमेरिकी सेना के बी 52 लड़ाकू विमानों ने ताबड़तोड़ हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में 200 आतंकी मारे गए, इनके सौ से ज्यादा वाहन नष्ट हो गए। अफगानिस्तान के अनुसार पिछले 24 घंटे में विभिन्न प्रांतों में सेना ने 572 आतंकियों को मार दिया है। सेना के हमले में 309 आतंकी घायल हुए हैं। ईरान ने अफगानिस्तान से लगी सीमा को पूरी तरह सील कर दिया है। ईरान ने कहा है कि हिंसा बढ़ने के कारण उसने अपने बार्डर को बंद कर दिया है।


Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *