लेटेस्टशहर

कोरोना कॉल में शारीरिक इम्यूनिटी के साथ मानसिक इम्यूनिटी भी जरूरी : डा. साकेत

गाजियाबाद। कोई भी बीमारी हो, उससे लड़ने के लिए शारीरिक इम्यूनिटी के साथ-साथ मैंटल इम्यूनिटी भी उतनी ही जरूरी है। मैंटल इम्यूनिटी के लिए अपनी सोच को पॉजिटिव रखें। जीवन शैली नियमित रखें। समय पर और संतुलित आहार लें। समय से सोएं। सात से आठ घंटे की अच्छी नींद लें। दरअसल अच्छी नींद लेने से शरीर अच्छे हार्मोन डिस्चार्ज करता है, उसके उलट नींद पूरी न होने पर ऐसे हार्मोन डिस्चार्ज होने लगते हैं जो आपको तनाव और एनजाईटी की ओर ले जाते हैं। यानि मैंटल इम्यूनिटी के लिए पूरी नींद टॉनिक का काम करती है। यह बातें बुधवार को मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ के साइकेट्रिस्ट कंसलटेंट डा. साकेतनाथ तिवारी ने कहीं।
डा. तिवारी ने कहा कि कोविड होने पर सबसे ज्यादा जरूरी है कि आप अपना मनोबल बनाए रखें। मनोबल अच्छा रहेगा तो समझो आपने बीमारी पर आधी विजय तो वैसे ही पा ली। निगेटिव खबरों की अनदेखी करें। आजकल जो स्थिति है, उसमें खबरिया चैनलों और यहां तक कि सोशल मीडिया से भी थोड़ा दूर ही रहें तो बेहतर है। दरअसल निगेटिव खबरें देखने और सुनने से भी शरीर में ऐसे हार्मोन पैदा होने लगते हैं जो आपकी इम्यूनिटी को और कमजोर कर देते हैं। हौंसला बनाए रखें हैं। कोविड के मामले में भी यह देखने में आ रहा है कि डिप्रेशन में आकर उनकी परेशानी कई गुना बढ़ जा रही है। इसलिए खुश रहने का प्रयास करें और घर वाले भी इस बात का ध्यान रखें कि मनोबल तोड़ने जैसी कोई बात न करें। डा. साकेतनाथ का कहना है कि फोन पर बातें जरूर करें लेकिन अपनी पसंद के हिसाब से करें। जिन लोगों से बातें करना आपको ज्यादा अच्छा लगता है उन्हीं से बातें करें। उन्होंने बताया किसी तरह की मानसिक परेशानी होने पर मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ के हेल्पलाइन नंबर पर सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक टेली काउंसिलिंग की सुविधा उपलब्ध रहती है। सीडीओ अस्मिता लाल की पहल पर क्लीनिकल साइकोलॉजी के छात्रों को भी प्रकोष्ठ के साथ जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि कई लोग, जिनका काम बंद है और अधिकतर समय घर में रहते हैं, वह अपनी जीवनशैली नियमित रखें। समय से नहाना-धोना, खाना-पीना और सोना-उठना जरूरी है। इसके अलावा घर में नियमित रूप से व्यायाम करें। कोविड पॉजिटिव होने की स्थिति में शरीर को आराम देना जरूरी है, केवल सांस से जुड़ी हल्के-फुल्के व्यायाम कर सकते हैं।

सायं पांच बजे तक उपलब्ध रहेगी टेलीकाउंसिलिंग सुविधा
जिला एमएमजी चिकित्सालय स्थित जिला मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ के हेल्पलाइन नंबर 0120-4155313 पर सुबह आठ बजे से सायं पांच बजे तक टेलीकाउंसिलिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। हेल्पलाइन नंबर पर आने वाली कॉल्स की पूरी डिटेल नोट करके क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट के साथ शेयर की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button