सेहत सही लाभ कई’ कार्यक्रम में डॉ. प्रियंका समानिया से हाई रिस्क प्रेग्नेंसी पर विशेष बातचीत

गाज़ियाबाद। हिंट रेडियो 90.4 एफएम के लोकप्रिय स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम ‘सेहत सही लाभ कई’ के अंतर्गत डॉ. प्रियंका समानिया के साथ हाई रिस्क प्रेग्नेंसी विषय पर एक विशेष बातचीत आयोजित की गई। इस चर्चा का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिवारों को हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के कारणों, लक्षणों, आवश्यक सावधानियों तथा समय पर उपचार के महत्व के प्रति जागरूक करना था। बातचीत के दौरान डॉ. प्रियंका समानिया ने बताया कि यदि गर्भवती महिला को उच्च रक्तचाप, मधुमेह, गंभीर एनीमिया, थायरॉयड की समस्या, अत्यधिक कम या अधिक आयु में गर्भधारण, जुड़वां गर्भ या पहले गर्भ में कोई जटिलता रही हो, तो ऐसी गर्भावस्था को हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की श्रेणी में रखा जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में नियमित प्रसव पूर्व जांच (ANC), डॉक्टर की सलाह का पालन, संतुलित आहार, पर्याप्त आराम और समय-समय पर आवश्यक जांच कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि गर्भावस्था के दौरान अत्यधिक सूजन, तेज सिरदर्द, धुंधला दिखाई देना, रक्तस्राव, बच्चे की हलचल कम महसूस होना या तेज पेट दर्द जैसे किसी भी लक्षण को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। कार्यक्रम के माध्यम से श्रोताओं को यह संदेश दिया गया कि सुरक्षित मातृत्व के लिए समय पर पंजीकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच और संस्थागत प्रसव अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। सही जानकारी और समय पर उपचार से अधिकांश जटिलताओं से बचा जा सकता है तथा माँ और शिशु दोनों का स्वास्थ्य सुरक्षित रखा जा सकता है।
हिंट रेडियो 90.4 एफएम अपने कार्यक्रम ‘सेहत सही लाभ कई’ के माध्यम से समय-समय पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों से उपयोगी जानकारी साझा कर समुदाय को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का कार्य निरंतर कर रहा है।



