गाजियाबादस्लाइडर

जिलाधिकारी एवं एड.सीपी लॉ एंड ऑर्डर की अध्यक्षता में गैस आपूर्ति से सम्बंधित समीक्षा बैठक आहूत

जनपद में गैस सिलेंडर व पीएनजी की पर्याप्त उपलब्धता: जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़

अफवाहों के कारण सर्वर पर बढ़ा लोड, शीघ्र होगा समस्या का निस्तारण: जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़

जमाखोरी व कालाबाजारी करने वालों पर होगी कानूनी कार्यवाही: जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़

अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी: एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर

जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की कि गैस बुकिंग कराने के बाद गैस एजेंसी पर जाने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सिलेंडर पूर्व की भांति घर पर ही वितरित किया जाएगा। किसी भी समस्या या जानकारी के लिए जिला प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर 0120-3761964 जारी किया गया है।

एडिशनल डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर ने भी नागरिकों से अपील की कि गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं तथा पैनिक की स्थिति उत्पन्न न करें। यदि कहीं असुरक्षा या अव्यवस्था की स्थिति प्रतीत हो तो तत्काल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित करें।

गाजियाबाद। महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ एवं एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर राज करन नैय्यर की अध्यक्षता में जनपद में गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, जिला आपूर्ति अधिकारी अमित तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य जनपद में गैस बुकिंग, वितरण एवं उपलब्धता की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना तथा उपभोक्ताओं को सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करना था।
जिला आपूर्ति अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में वर्तमान में कुल 96 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनके माध्यम से लगभग 12 लाख घरेलू गैस कनेक्शन जारी किए गए हैं। प्रतिदिन लगभग 20,000 घरेलू गैस सिलेंडर रिफिल का उपयोग किया जाता है। सभी गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर रिफिल का स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति निरंतर जारी है। इसके अतिरिक्त जनपद में लगभग 3.50 लाख घरेलू पीएनजी कनेक्शन तथा लगभग 1500 व्यावसायिक पीएनजी कनेक्शन सक्रिय हैं, जिनकी आपूर्ति भी नियमित रूप से संचालित हो रही है।
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में कुछ बेबुनियाद अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं द्वारा अत्यधिक संख्या में गैस सिलेंडर बुकिंग कराई जा रही है, जिससे सर्वर पर अधिक लोड पड़ने के कारण बुकिंग प्रक्रिया में तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई है। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि जनपद में गैस रिफिलिंग या आपूर्ति से संबंधित किसी प्रकार की कमी नहीं है। संबंधित विभागों के अनुसार 1–2 दिनों में सर्वर सामान्य होने की संभावना है, जिसके बाद गैस बुकिंग एवं वितरण की प्रक्रिया पूर्व की भांति सुचारु रूप से जारी रहेगी।
प्रशासन द्वारा गैस सिलेंडरों की जमाखोरी एवं कालाबाजारी रोकने के लिए बुकिंग प्रक्रिया में आंशिक परिवर्तन किया गया है। अब शहरी क्षेत्रों में दो सिलेंडरों की बुकिंग के बीच 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतराल निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त सभी उपजिलाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं, जो जमाखोरी, अवैध भंडारण या अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी।
जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की कि गैस बुकिंग कराने के बाद गैस एजेंसी पर जाने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सिलेंडर पूर्व की भांति घर पर ही वितरित किया जाएगा। किसी भी समस्या या जानकारी के लिए जिला प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर 0120-3761964 जारी किया गया है।
एडिशनल डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर ने भी नागरिकों से अपील की कि गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं तथा पैनिक की स्थिति उत्पन्न न करें। यदि कहीं असुरक्षा या अव्यवस्था की स्थिति प्रतीत हो तो तत्काल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button