राज्यलेटेस्ट

जनप्रतिनिधि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करें: मुख्यमंत्री

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर चित्रकूटधाम मंडल (जनपद-चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर) के सांसदों व विधायकों के साथ विकास कार्यां की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को नवीन विकास कार्यों के बारे में क्षेत्रीय जनाकांक्षाओं से अवगत कराया और इस सम्बन्ध में अपने प्रस्ताव दिए। मुख्यमंत्री ने सांसदों और विधायकों के इन प्रस्तावों पर तत्काल कार्यवाही के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय को निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट, जहां भगवान राम ने अपने वनवास काल का सर्वाधिक समय व्यतीत किया था, आज चहुंमुखी विकास की नई कहानी कह रहा है। बुन्देलखंड एक्सप्रेस-वे के माध्यम से आज यहां बेहतरीन रोड कनेक्टिविटी है। जनपद चित्रकूट में एयरपोर्ट का विकास किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरीडोर का एक महत्वपूर्ण नोड चित्रकूट में है। हर घर नल योजना द्वारा यहां के घरों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इन प्रयासों से आज पूरे चित्रकूटधाम मंडल में सकारात्मकता का संचार हुआ है। आमजन की सुविधा के मददेनजर ईज आॅफ लिविंग के सभी मानकों पर चित्रकूट में कार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य रखा है। इस संकल्प की सिद्धि के लिए पूरा उत्तर प्रदेश एकजुट होकर प्रयास कर रहा है। आगामी 10-12 फरवरी को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समिट से पहले दुनिया भर के निवेशकों को उत्तर प्रदेश में निवेश का आमंत्रण देने की हमारी कार्ययोजना को आशातीत सफलता मिली है। 16 राष्ट्रों में हुए रोड शो से 7 लाख 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का मार्ग प्रशस्त हुआ है। विदेश में रोड शो की सफलता के बाद अब देश के प्रमुख महानगरों में उद्योग जगत को आमंत्रित करने हेतु रोड शो का आयोजन हो रहा है। यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 ऐतिहासिक होने जा रही है। व्यापक निवेश से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिसका सीधा लाभ हमारे युवाओं को प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद चित्रकूट, बांदा, महोबा व हमीरपुर में विकास की अपार सम्भावनाएं हैं। यहां धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हुआ है। हर जनपद में औद्योगिक विकास के अनेक अवसर हैं। इस क्षेत्र में पर्याप्त लैंडबैंक है। जनप्रतिनिधिग् को अपनी इन विशिष्टताओं से देश व दुनिया को परिचित कराना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेशी और घरेलू निवेशक रोड शो से प्रेरणा लेते हुए अनेक जनपदों ने अपने यहां निवेशक सम्मेलन आयोजित किए हैं। हजारों करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त किए। ऐसे ही प्रयास चित्रकूट मंडल में भी किये जाने चाहिए। जनपदीय निवेशक सम्मेलन के आयोजन के लिए बेहतर कार्ययोजना तैयार करें। सांसद के नेतृत्व में विधायक कमान सम्भालें। जिला प्रशासन, औद्योगिक एवं अवस्थापना विभाग, इन्वेस्ट यूपी और मुख्यमंत्री कार्यालय से सहयोग लें। अपने क्षेत्र के उद्यमियों, व्यापारियों, प्रवासीजन से संवाद व सम्पर्क बनाएं। उन्हें प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों, सेक्टोरल पॉलिसी की जानकारी दें। अपने क्षेत्र के पोटेंशियल का परिचय दें और उन्हें निवेश के लिए प्रोत्साहित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सभी तहसील मुख्यालयों पर चरणबद्ध रूप से फायर स्टेशन स्थापित कराए जा रहे हैं। जनपद चित्रकूट की हर तहसील में अग्निशमन केंद्र होंगे। यहां प्रशिक्षित कर्मी तैनात होंगे। विगत साढ़े 5 से 6 वर्षों में योजनाबद्ध प्रयासों से प्रदेश में खनन सम्बन्धी कार्यों में पारदर्शिता आई है। आमजन हों या पट्टाधारक अथवा ट्रांसपोर्टर, सभी की सुविधा का ख्याल रखते हुए अनेक अभिनव प्रयास किए गए हैं। खनन कार्य से जुड़े सभी हितधारकों के लिए पारदर्शी प्रक्रिया बनायी गयी है। व्यवस्था को सुचारु बनाये रखने में सांसद व विधायकगण सहयोग करें। कहीं भी अवैध खनन अथवा ओवरलोडिंग की गतिविधि संचालित न हों। वर्षों से लम्बित अर्जुन सहायक परियोजना के पूरा होने से जनपद हमीरपुर, महोबा व बांदा के लाखों किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। स्थानीय लोगों को शुद्ध पेयजल भी उपलब्ध हो रहा है। यह परियोजना बुन्देलखण्ड क्षेत्र के लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाने वाली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद व विधायक प्रदेश सरकार की नई औद्योगिक नीतियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। स्थानीय विश्वविद्यालय, महाविद्यालयों, पॉलिटेक्निक, आईटीआई में युवाओं के बीच इन पर परिचर्चा कराई जाए। जनप्रतिनिधि इन कार्यक्रमों में प्रतिभाग करें। जनप्रतिनिधि क्षेत्र में संचालित विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करते रहें। यह योजनाएं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की छवि निर्माण में सहायक हैं। जनप्रतिनिधि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करें। तकनीक का बेहतर इस्तेमाल करें। सोशल मीडिया संवाद का एक बेहतरीन माध्यम बनकर उभरा है। सभी सांसद व विधायकों को इस मंच का उपयोग करना चाहिए। केंद्र व राज्य सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं, औद्योगिक नीतियों, रोजगारपरक कार्यक्रमों के बारे में सकारात्मक भाव से सोशल मीडिया पर अपनी राय रखनी चाहिए। जनता से सम्पर्क व संवाद बनाने में यह मंच अत्यन्त उपयोगी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुन्देलखण्ड क्षेत्र के सभी जनपदों में विषमुक्त गौ-आधारित प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सांसद व विधायक रुचि लेकर किसानों को इस बड़े कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास करें। निराश्रित गोवंश संरक्षण के लिए राज्य सरकार के स्तर पर निराश्रित गो-आश्रय स्थल निर्माण, सहभागिता योजना तथा कुपोषित परिवारों को दुधारू गाय उपलब्ध कराने की तीन योजनाएं चल रही हैं। जनप्रतिनिधियों को रुचि लेकर इन योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना चाहिए। सम्भ्रान्त परिवारों को भी गो-पालन के लिए प्रेरित किया जाए। निराश्रित गोवंश प्रबन्धन में सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग आवश्यक है।
इस अवसर पर जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद सहित सांसद व विधायक, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह व सूचना संजय प्रसाद व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button