राष्ट्रीयलेटेस्टस्लाइडर

पहाड़ों पर फट रहे बादल, हिमाचल में बारिश से 13 की मौत, कई लापता

नई दिल्ली। पहाड़ों पर बादल फटने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश व भूस्खलन के चलते 13 लोगों की मौत होने की खबर है जबकि कइयों के लापता होने का समाचार है। हिमाचल के मंडी और चंबा समेत कई जिलों में हाहाकार मचा है। चंबा जिले में दंपती और उनके बेटे की मौत हो गई है, जबकि मंडी के सराज, गोहर और द्रंग में बादल फटने की घटनाओं में नौ की मौत हो गई है जबकि प्रदेश भर में 13 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। तीनों एनएच मंडी पठानकोट, मंडी कुल्लू और मंडी जालंधर वाया धर्मपुर बंद हो गए हैं। उधर, कांगड़ा जिले में भारी बरसात होने के कारण रेलवे चक्की पुल रात को बह गया। दरारें आने के कारण डेढ़ हफ्ता पहले रेल सेवा बंद कर दी थी। भारी बारिश को देखते हुए कांगड़ा और कुल्लू में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। कांगड़ा जिले के भनाला की गोरडा (शाहपुर) में एक मकान गिर गया, जिसकी जद में आने से 12 साल के बच्चे की जान चली गई। निजी स्कूल में बस ड्राइवर नसीब सिंह के पुत्र आयुष (12) की घर के मलबे में दब गया है। इसके बाद गांववालों ने कड़ी मशक्कत से 12 वर्षीय आयुष को बाहर निकाला और शाहपुर अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
मंडी जिला में मूसलाधार बारिश ने तबाही मचाई है। जिला के मंडी-कटौला-पराशर मार्ग पर बागी नाला में बादल फटने से आई बाढ़ ने भारी कहर बरपाया है। यहां बाढ़ की चपेट में आने से एक पूरा परिवार लापता हो गया है। राहत और बचाव कार्य में लगे लोगों को दो बच्चों के शव मिले हैं, जबकि अन्य पांच लोग लापता हैं। बादल फटने के बाद रात बागी से पुराने कटौला तक दर्जनों परिवारों ने अपने घर छोड़ कर सुरक्षित जगहों पर रात बिताई है। बागी नाले पर बनाया पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह कस्बे थुनाग बाजार में भी नाले की बाढ़ ने दर्जनों दुकानों और वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। थुनाग बाजार में भी भारी तबाही हुई है।
इसके साथ ही बागी में बहुत सारी गाड़ियों सहित लगभग सभी दुकानों और पुराना कटौला गुज्जर बस्ती में घरों, गौशालाओं, घराटों, गाड़ियों व फसलों को नुकसान पहुंचा है। सबसे बड़ी दुर्घटना के तहत संदोआ, पुराना कटौला के स्तार मोहम्मद पुत्र स्वर्गीय लाल हुसैन का पूरा परिवार बाढ़ की चपेट में आने से 5 लोग लापता हैं, जबकि एक बच्ची का शव घर से लगभग आधा किलोमीटर नीचे बरामद हुआ है।
पुराना कटौला के पंकज कुमार, हिमांशु और अन्य स्थानीय लोग परिवार के लापता सदस्यों की तलाश में जुटे हुए रहे, लेकिन बागी खड्ड में भारी सैलाब होने से तलाशी अभियान रोक दिया गया है। उधर, स्थानीय प्रशासन ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मौके पर राहत व बचाव दल के साथ एनडीआरएफ को भेजने का प्रयास जारी है, लेकिन मंडी से कटौला बागी तक कई जगहों पर सड़क बंद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button