राज्यलेटेस्टस्लाइडर

भाजपा ने जारी किया लोक कल्याण संकल्प पत्र, कहा- जो कहा, उसे पूरा किया, आगे भी करेंगे

लखनऊ। यूपी चुनाव के पहले चरण के चुनाव से ठीक दो दिन पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपना घोषणा पत्र (लोक कल्याण संकल्प पत्र) जारी कर दिया है। गृहमंत्री अमित शाह लखनऊ पहुंचे और घोषणा पत्र जारी किया। घोषणा पत्र जारी करते समय उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और मुख्यमंत्री योगी के बीच में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बैठे। पहले उपमुख्यमंत्री थोड़ी दूर बैठे थे, लेकिन योगी ने उनका हाथ पकड़कर अपने करीब बुला लिया। यूपी भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपने संबोधन में दावा किया कि योगी सरकार ने पूरी ईमानदारी और निष्ठा से जनता से किए वादे पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी भाजपा इसी तरह जनता के हित के लिए काम करती रहेगी। गृह मंत्री अमित शाह के साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रभारी केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, सह प्रभारी केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष सुरेश खन्ना भाजपा के लोक कल्याण संकल्प को जारी किया। मेनिफेस्टो कमिटी के अध्यक्ष सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश के 24 करोड़ लोगों की सेवा का उद्देश्य सामने रखकर इस लोक कल्याण संकल्प-पत्र को पूरा किया गया है। उन्होंने संकल्प-पत्र के निर्माण में लगे लोगों और प्रक्रिया का परिचय देते हुए कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर नहीं है और यह जान कर ही यूपी की जनता ने भाजपा को कई तरह के सुझाव दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पांच वर्ष पहले हमने जो वायदे किए थे, उसे पूरा किया है। आज प्रदेश में कानून का राज है, हरेक माता और बेटी खुद को उत्तर प्रदेश में सुरक्षित महसूस कर सकती है। पिछली सरकार के दौरान यूपी में सैकड़ों दंगे होते थे, महीनों तक यूपी में कर्फ्यू रहता था, व्यापारी पलायन करता था, बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं, उत्तर प्रदेश में आजकल कर्फ्यू नहीं, धूम-धड़ाके के साथ कांवड़ यात्रा निकलती है।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेक गरीब का हमने ख्याल रखा है। 60 लाख उद्यमियों को ऋण दिया गया। जो बेरोजगारी की दर 2017 में 18 फीसदी थी, आज वह 3 फीसदी मात्र रह गयी है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना और जननी सुरक्षा योजना को हमने प्राथमिकता के साथ पूरा किया है और इसी दम पर जनता के बीच फिर जा रहे हैं। दो करोड़ से अधिक लोगों को हमने शौचालय दिए, 1 करोड़ 56 लाख गरीबों को उज्ज्वला योजना के तहत हमने गैस सिलेंडर मुहैया कराए’।
कोविड की तीसरी वेब को नियंत्रित करने का दावा करते हुए योगी ने कहा कि पहली और दूसरी लहर में भी उत्तर प्रदेश का काम बेहतरीन था। योगी ने कहा कि पहले जहां 70 वर्षों में प्रदेश में 1 दर्जन से भी कम मेडिकल कॉलेज थे, वहीं उन्होंने 5 वर्षों में तीन दर्जन से अधिक मेडिकल कॉलेज बनवाए। जनपद स्तर पर हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतरीन हुआ है। योगी ने अपनी सरकार को डबल इंजन सरकार बताते हुए दावा किया कि 2017 के 212 संकल्पों को उन्होंने अक्षरश: पूरा किया है। अमित शाह ने कहा कि हमने यूपी में अलग-अलग वर्गों के बीच जाकर उनकी राय ली है। बीजेपी कार्यकर्ता गांव-गांव, शहर-शहर घूम कर लोगों के बीच काम कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button