लेटेस्टशहर

आयुष्मान कार्ड योजना को लेकर एडीएम सिटी ने ली बैठक

  • 15 से 30 सितंबर तक चलेगा आयुष्मान पखवाड़ा
    गाजियाबाद।
    जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी नगर बिपिन कुमार की अध्यक्षता में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के सफल संचालन हेतु बैठक कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में आयोजित की गई। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर बिपिन कुमार ने बताया कि 23 सितम्बर, 2022 को योजना के चार वर्ष पूर्ण होने पर आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान से आच्छादित पात्र परिवारों को योजना का लाभ देने एवं परिवार के प्रत्येक सदस्य को आयुष्मान कार्ड (गोल्डेन कार्ड) से आच्छादित करने के लिए जनपद में 15 सितम्बर से 30 सितम्बर, 2022 तक आयुष्मान पखवाड़ा चलाया जायेगा। इस अभियान के दौरान विशेष रूप से ऐसे सभी आच्छादित पात्र परिवारों को लक्षित किया जायेगा, जिनमें अब तक किसी भी सदस्य के पास आयुष्मान कार्ड उपलब्ध नहीं है एवं जो अन्त्योदय कार्ड धारक परिवारों के सदस्य हैं, उन्हें आयुष्मान कार्ड से आच्छादित किया जाना है। इसके अतिरिक्त पंजीकृत श्रमिकों का भी गोल्डन कार्ड बनाया जायेगा। इस योजना के अन्तर्गत 5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा प्रतिवर्ष प्रदान किया जाता है। इसके लिए लाभार्थियों को अपना आधारकार्ड एवं राशन कार्ड/अन्त्योदय कार्ड या परिवार रजिस्टर की नकल लाना अनिवार्य है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर ने बताया कि इसके लिए ग्रामवार/वार्डवार डाटा के आधार पर कार्य योजना तैयार कर ली गई है, आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु कर्मचारियों को चिन्हित कर लिया गया है। आयोजित कैम्प में आयुष्मान कार्ड जन सेवा केन्द्रों, आरोग्य मित्र, पंचायत सहायकों द्वारा चयनित लाभार्थियों के नि:शुल्क गोल्डन कार्ड बनाये जायेंगे। लाभार्थी अपने पात्रता की जानकारी नजदीकी जन सेवा केन्द्रों, ग्राम की आशा बहू, कोटेदार एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त कर सकते है। लाभार्थी योजना संबंधी किसी भी जानकारी के लिए 14555 पर फोन कर प्राप्त कर सकते है। उन्होने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए वर्तमान बीआईएस प्रावधानों के अतिरिक्त एनएचए द्वारा हाल ही में प्रारम्भ की गई प्रक्रिया द्वारा भी लाभार्थी सत्यापन की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन अरोग्य अभियान के अंतर्गत अबतक जनपद में 64,422 परिवारों के सापेक्ष 1,82,382 लाभार्थियों को योजना से आच्छादित किया गया है, जिन्हें 5 लाख का निशुल्क स्वास्थ्य बीमा दिया गया है। बैठक में जनपद के नोडल अधिकारी डा. आरके गुप्ता ने बताया कि जनपद में योजना के अंतर्गत 7 राजकीय चिकित्सालय एवं 35 निजी चिकित्सालय आबद्ध है एवं जनपद में अब तक 14,022 लाभार्थियों को योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य लाभ दिलाया गया है। योजना अंतर्गत श्वांस रोग, हृदय रोग, गुर्दा रोग, पेट रोग, अस्थि रोग, मस्तिष्क रोग, सामान्य एवं जटिल सर्जरी तथा जनरल मेडिसिन के केसेज इत्यादि को कवर किया गया है। नोडल अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक स्तरीय प्राथमिक/सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा शहरी स्वास्थ्य केन्द्र पर नोडल टीम बनाकर कार्य योजना के अनुसार अभियान को संचालित किया जायेगा। नोडल टीम द्वारा निर्धारित तिथि एवं स्थल पर आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु टीम की उपस्थिति सुनिश्चित की जायेगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ब्लॉक/पंचायत/वार्ड स्तर पर बैठकें आयोजित करते हुए अभियान से जुड़े सभी फील्ड कार्यकर्ताओं को आयुष्मान कार्ड कैम्प की तिथि व स्थान से अवगत कराया जाये तथा चिन्हित लाभार्थी परिवार के अधिक से अधिक सदस्यों का आयुष्मान कार्ड अभियान के दौरान गोल्डन कार्ड बनवा दिया जाये। इन बैठकों में नि:शुल्क आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने के सम्बन्ध में अवश्य उल्लेख किया जाये, जिससे लाभार्थी परिवार आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित हो सकें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर बिपिन कुमार द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से इस अभियान में सहयोग किए जाने हेतु आह्वान किया गया। बैठक के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डा. भवतोष शंखधर ने बताया कि आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनाये जाने का मुख्य उद्देश्य है कि गरीबी रेखा के नीचे आने वाले परिवारों को 5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जा सके। आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड योजना के तहत ऐसे गरीब, असहाय व्यक्ति जो बड़ी से बड़ी बीमारी से गुजरते हुए अपना इलाज नहीं करवा सकते हैं, उनका इलाज बेहतर तरीके से हो सके। इस अवसर पर बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. डीएम सक्सेना, समस्त सीएमएस, समस्त एमओआईसी, जिला कार्यक्रम अधिकारी शशि वार्ष्णेय, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप द्विवेदी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button