आई.टी.एस. मोहननगर, यूजी कैंपस में “4th Hackathon 2026” का सफल एवं भव्य आयोजन



गाज़ियाबाद ; आई.टी.एस मोहननगर, गाज़ियाबाद के यूजी कैंपस में चौथे हैकाथन 2026 का भव्य आयोजन किया गया I समारोह का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसे कैपजेमिनी टेक्नोलॉजी के क्यूए लीड श्री नरेश गुप्ता तथा आई.टी.एस. गाज़ियाबाद, यूजी कैंपस की प्रिंसिपल डॉ. नैंसी शर्मा ने संयुक्त रूप से संपन्न किया। इस प्रतियोगिता में संस्थान के बीबीए, बीसीए एवं एमसीए पाठ्यक्रमों से कुल 150 छात्रों की 50 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आई.टी.एस. यू जी कैंपस अपने छात्रों को तकनीकी एवं प्रबंधन शिक्षा के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास के अवसर प्रदान करने हेतु इस तरह की प्रतियोगिता करता रहा है। संस्थान का प्रयास है कि छात्र नवीनतम तकनीकों से परिचित हों, व्यावहारिक ज्ञान अर्जित करें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें।
आई.टी.एस. द एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने अपने संदेश में कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए दृढ़ निश्चय, संकल्प, सही दिशा में प्रयास तथा सतत सीखने और परिवर्तन को स्वीकार करने की क्षमता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को निरंतर विकसित करने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने छात्रों को टीम भावना और उत्कृष्टता के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं।
मुख्य अतिथि श्री नरेश गुप्ता ने चौथे हैकाथॉन (थिंकाथॉन) 2026 के आयोजन को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बहुत कम संस्थान कर पाते हैं। उन्होंने आई.टी.एस. गाज़ियाबाद के प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान और तकनीकी दक्षता को विकसित करने हेतु एक उत्कृष्ट मंच प्रदान कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों को नई तकनीकों की बारीकियों को समझने और उन पर कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए।
आईटीएस गाज़ियाबाद यूजी कैंपस की प्रिंसिपल डॉ. नैंसी शर्मा ने प्रतियोगिता के उद्देश्यों एवं संरचना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन छात्रों को सकारात्मक सोच के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने फेस्ट के सफल एवं भव्य आयोजन तथा छात्रों की बड़ी संख्या में सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त की और सभी प्रतिभागियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
फेस्ट में बीबीए, बीसीए और एमसीए के विभिन्न सेमेस्टरों के कुल 95 छात्रों की 29 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में छात्रों को कुल 8 परिदृश्य (scenarios) दिए गए , जिनमें से प्रत्येक ने किसी एक का चयन कर उसका समाधान विकसित किया। प्रतिभागियों ने ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी, क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, C, C++, जावा, पायथन एवं वेब-आधारित अनुप्रयोगों का उपयोग करते हुए सॉफ्टवेयर विकसित किए, जिन्हें निर्णायक मंडल द्वारा अत्यंत सराहा गया। फेस्ट की प्रथम तीन विजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए । बीसीए पाठ्यक्रम से नेहा चौधरी, स्वस्ति पंवार व् अंश शर्मा की टीम प्रथम स्थान पर, प्रशांत शर्मा, मुस्कान शर्मा, समीक्षा तेतौरिया व् भारती की टीम द्वितीय स्थान पर तथा दर्शित पांडेय, पुष्कर कुमार व् अनुपम झा की टीम तृतीय स्थान पर रही। सायंकाल पुरस्कार वितरण समारोह में आई.टी.एस. यू जी कैंपस की प्रिंसिपल डॉ. नैंसी शर्मा ने फेस्ट के सफल एवं भव्य आयोजन तथा छात्रों की बड़ी संख्या में भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने सभी विजेता टीमों को बधाई दी और सभी प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे प्रतियोगिताओं में अवश्य भाग लेना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों में भाग लेने से केवल तकनीकी दक्षता ही नहीं बढ़ती, बल्कि एक-दूसरे को समझने, अन्य छात्रों के प्रयासों को जानने और टीम भावना के विकास में भी मदद मिलती है। इस अवसर पर आई0 टी0 एस0 ग्रुप ऑफ़ इंस्टीटूशन्स के चेयरमैन डॉ0 आर0 पी0 चड्ढा, यू0 जी0 कैंपस की प्रिंसिपल प्रोफेसर (डॉ0) नैंसी शर्मा , यू0जी कैंपस की ऐकडेमिक डीन डॉ0 विदुषी सिंह, बीबीए एचओडी प्रोफेसर आदिल खान, कार्यक्रम समन्वयक प्रोफेसर शिवोहम तिवारी, डॉ शुभ्रा द्विवेदी , अध्यापकगण एवं भारी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे I



