पैराडाइज क्लब ने उमंग, उत्साह के साथ मनाया तीजोत्सव, अलका गुप्ता को मिली तीज क्वीन का खिताब









गाजियाबाद। सावन के महीने में मन मयूर चारों ओर हरियाली देखकर नाचने लगता है और चूड़ी, बिंदी, काजल, पायल आदि सोलह श्रृंगार कर अपने प्रियतम के संग मंद मंद पवन के झोकों के साथ हिलकोरे खाता रहता है। इसी सोलह श्रृंगार विषय के साथ राजनगर के आरडीसी स्थित सोहन रेस्टोरेंट मे पैराडाइस क्लब द्वारा तीजोत्सव कार्यक्रम बड़े धूमधाम से मनाया गया। संस्थापक अध्यक्ष मेघना बंसल द्वारा सभी का अभिवादन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्राची कंसल ने गणेश वंदना के साथ किया। मेघना बंसल एवं मीनाक्षी बंसल ने काली घटा आ ही गई.. गीत पर बहुत सुन्दर तरीके से अपने मन के भाव प्रस्तुत किये। अनीता निवेटिया और पूनम अग्रवाल द्वारा राजस्थानी घूमर नृत्य दर्शाया गया। अल्का और सरिता ने अलबेला कृष्ण गीत पर माहौल को भक्तिमय बना दिया। अनीता, पूनम, और ऐश्वर्या ने बहुत ही जोश के साथ देशभक्ति गीत पर पर नृत्य प्रस्तुत किया। मेघना, अल्का, सरिता, अनीता एवं रूचि ने सुन्दर नृत्य नाटिका जून का गर्म महीना और कंजूस पति का मंचन कर सबका मन मोह लिया। गति गर्ग एवं रेनू अग्रवाल ने होशियार कौन हास्य नाटिका द्वारा पति-पत्नी की नोंक झोंक द्वारा सबको खूब हंसाया। गति, रेनू एवं डॉ. सपना ने एक अनार दो बीमार नाटक जिसमे मार्डन अनारकली कों दिखाया से सबको हँसा हँसा कर लोट पोट कर दिया। कार्यकारिणी दल के मेघना बंसल, गति गर्ग, मीनाक्षी बंसल, रेनू अग्रवाल एवं रूचि सिंघल द्वारा घुमड़ घुमड़ के आयी रे घटा सावन के गीत पर एक विशेष प्रस्तुति बड़े ही सुन्दर ढंग से दी गई । मेघना बंसल और गति गर्ग ने एक अतरंगी अंताक्षरी खिलवाकर सबका मनोरंजन किया जिसमे विजेता टीम के सभी सदस्यों को उपहार दिया गया। कार्यक्रम मे बांसुरी मुकुट सजावट प्रतियोगिता की विजेता पूजा एवं प्राची रहे बैंगल बॉक्स सज्जा प्रतियोगिता मे ऐश्वर्या एवं मेघना विजयी रहीं। गाजियाबाद के पूर्व एडीएम सिटी गंभीर सिंह की पत्नी डॉ. अंजलि सिंह, श्रीमती अल्का अग्रवाल (चेयरपर्सन मेवाड़ इंस्टीट्यूट ), रश्मि चौधरी ( पूर्व अध्यक्ष गुलमोहर सोसाइटी ) निर्णायक दल के रूप में उपस्थित रहे। श्रीमती राजकुमारी शर्मा पत्नी जेल सुप्रीडेंट डासना जेल, डॉ. मधु पोद्दार एवं समाज सेविका वंदना चौधरी ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर उत्सव की शोभा बढ़ाई। अल्का गुप्ता ने तीज क्वीन का खिताब अपने नाम किया। मीनाक्षी बंसल ने दूसरा स्थान प्राप्त कर बाजी मारी। सचिव मीनाक्षी बंसल ने सभी अतिथियों का धन्यवाद कर आभार व्यक्त किया।



