एनआईडीएम की प्रथम व्यापक टीम द्वारा किया गया 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ का भ्रमण


गाजियाबाद। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान (एनडीआरएफ) की 80 सदस्यों वाली प्रथम व्यापक टीम ने 8 वीं वाहिनी, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कैंप परिसर का एक शानदार भ्रमण किया। इस अवसर पर टीम का औपचारिक स्वागत 8वीं वाहिनी के उप महानिरीक्षक प्रवीन कुमार तिवारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा गरिमामयी तरीके से किया गया। भ्रमण के दौरान, टीम को बल की महत्वपूर्ण भूमिका, कार्यप्रणाली और अद्वितीय दक्षताओं से वाहिनी के शहीद आॅडिटोरियम में अवगत कराया गया। सीबीआरएन एमएफआर, सीएसएसआर के बचाव एवं राहत अभियानों से संबंधित रोमांचक प्रदर्शनों के माध्यम से 8वीं वाहिनी की रेस्क्यू टीम ने एाडीआरएफ की तत्परता, उन्नत प्रशिक्षण क्षमता, और अत्याधुनिक संसाधनों का प्रत्यक्ष अनुभव साझा किया। उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण और आपदा के दौरान उपयोग किए जाने वाले उपकरणों एवं आवश्यक अधोसंरचना और संसाधनों का मॉडल रूम में प्रस्तुतिकरण किया गया, जिसने टीम को आधुनिक आपदा प्रबंधन की विस्तृत और समृद्ध समझ दी। यह प्रेरणादायक भ्रमण, आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग और ज्ञान के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। एनआईडीएम की टीम ने इस अनुभव को अमूल्य माना और भविष्य में समान सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।



