राज्यलेटेस्टस्लाइडर

187.50 करोड़ की 16 परियोजनाओं का सीएम योगी ने किया शिलान्यास

  • सैनिक स्कूल का शिलान्यास, 154 करोड़ से 50 एकड़ में होगा स्थापित
  • स्किल डेवलपमेन्ट का बड़ा केन्द्र भी खोला जाएगा
  • हर कमिश्नरी मुख्यालय पर एक सैनिक स्कूल की स्थापना होगी
  • गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा
  • मुख्यमंत्री ने 10 काश्तकारों को चेक वितरित किए
    लखनऊ।
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के फर्टिलाइजर कारखाना परिसर में 187.50 करोड़ रुपये लागत की कुल 16 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसमें 154 करोड़ रुपये की लागत से 50 एकड़ भूमि पर स्थापित होने वाले उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल का शिलान्यास तथा अन्य 15 परियोजनाएं, जिसमें विभिन्न विकास खण्डों के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय परिसर में प्रस्तावित छात्रावास एवं चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र में मिनी आॅडिटोरियम का शिलान्यास शामिल हैं। इस अवसर पर सैनिक स्कूल की संरचना संबंधी वीडियो फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने पर्यटन की दृष्टि से चिलुआताल को विकसित करने हेतु 10 काश्तकारों, जिनकी जमीन सौन्दर्यीकरण के लिए ली गयी है, को चेक भी वितरित किए। सीएम योगी ने कहा कि 26 वर्षों से यह खाद कारखाना बंद था। इसका कोई पुरसा हाल नहीं था। केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार बनने के बाद प्रदेश में रुके हुए सभी विकास कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया गया। आज उसी कार्यक्रम की श्रृंखला में खाद कारखाना बन रहा है और अक्टूबर माह के अन्त में इसे जनता को समर्पित किया जाएगा। आज फर्टिलाइजर कारखाना परिसर में एक सैनिक स्कूल का शिलान्यास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल यहां पर होगा, यह बड़ी उपलब्धि होगी। हमारी जो पीढ़ी यहां पर पढ़ेगी, वह अनुशासित पीढ़ी होगी। उसे देश के अन्दर सेना सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी उच्च पदों पर सेवा करने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि देश का पहला सैनिक स्कूल सन 1960 में लखनऊ में स्थापित हुआ था। लखनऊ के सैनिक स्कूल में ही परमवीर चक्र विजेता कैप्टन मनोज पाण्डेय को भी प्रशिक्षण दिया गया था। उन्होंने अपने शौर्य का परिचय देते हुए कारगिल युद्ध में भारत को विजय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी। वर्ष 2021-22 में केन्द्र सरकार के बजट में भी इस बात का प्राविधान किया गया है कि देश के अन्दर 100 नये सैनिक स्कूल खोलने के लिए भारत सरकार कार्य करेगी। यह भारत के युवाओं को उच्चस्तरीय और आधुनिकतम शिक्षा देने और सैनिक गतिविधियों के साथ जोड़ने का एक अभिनव प्रयास होगा, जिसके लिए वे प्रधानमंत्री जी के हृदय से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि हर कमिश्नरी मुख्यालय पर एक सैनिक स्कूल की स्थापना करने की कार्यवाही को आगे बढ़ाया जायेगा। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा। नौजवानों का पलायन रुकेगा, युवाओं को रोजगार/नौकरी मिलेगी। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि पूरा उत्तर प्रदेश बदल रहा है। माध्यमिक शिक्षा के इतिहास में पहली बार आमूल-चूल परिवर्तन हुआ है। शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी एवं चुस्त-दुरुस्त बनाया गया है। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ रहे बच्चों को डेÑस, जूता, मोजा, स्वेटर, बैग, पुस्तक नि:शुल्क देने का कार्य प्रदेश सरकार ने किया है। प्रदेश में नकलविहीन परीक्षाएं सम्पन्न हो रही हैं, इसके लिए सभी विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं। युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ने का कार्य किया गया है। गोरखपुर की दशा व दिशा निरन्तर बदल रही है। 154 करोड़ रुपये की लागत से 50 एकड़ भूमि पर सैनिक स्कूल का शिलान्यास हुआ है। यह प्रदेश का पांचवां सैनिक स्कूल होगा। इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल ने स्वागत उद्बोधन तथा आभार ज्ञापन नगर विधायक डा. राधामोहन दास अग्रवाल ने किया। इस मौके पर समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री, महापौर सीता राम जायसवाल, जनप्रतिनिधि, अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला, मण्डलायुक्त रवि कुमार एन.जी, जिलाधिकारी के. विजयेन्द्र पाण्डियन सहित आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button