लेटेस्टस्वास्थ्य

श्रम कार्यालय में श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए लगा कैंप

  • पंजीकृत श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू
  • 12 सितंबर तक सात केंद्रों पर कैंप लगाकर बनाए जाएंगे कार्ड
  • श्रमिकों को मिल सकेगा पांच लाख रुपये तक का मुफ्त उपचार
    हापुड़।
    शासन के आदेश पर जनपद में सभी पंजीकृत श्रमिकों के आयुष्मान (गोल्डन) कार्ड बनाए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रेखा शर्मा ने बताया कि अपर श्रमायुक्त कार्यालय से स्वास्थ्य विभाग को 6677 पंजीकृत श्रमिकों की सूची उपलब्ध कराई गई है, सूची के आधार पर आयुष्मान कार्ड बनाने का काम सोमवार से शुरू हो गया है। जनपद में सात केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित कर 12 सितंबर तक सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक श्रमिकों के कार्ड बनाए जाएंगे। आयुष्मान भारत योजना के जिला कार्यक्रम समन्वयक डा. मारूफ चौधरी ने बताया सोमवार को विशेष अभियान के पहले दिन उन्होंने सहायक श्रमायुक्त कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र- गढ़ रोड हापुड़ और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र- बक्सर में लगाए गए कैंप का निरीक्षण किया।
    डा. चौधरी ने बताया इन तीनों केंद्रों के अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र- सिंभावली, गढ़ ब्लॉक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र- सपनावत और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र – धौलाना में पंजीकृत श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष कैंप लगाए गए हैं। जनपद में इन सभी सात केंद्रों पर 12 सितंबर तक कार्ड बनाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया शासन के निर्देश पर श्रम कार्यालय में पंजीकृत सभी श्रमिकों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया गया है। योजना से संबद्ध सरकारी और निजी चिकित्सालयों में हर साल पांच लाख तक का मुफ्त उपचार प्रदान करने के लिए आयुष्मान कार्ड होना आवश्यक है।
    योजना के जिला समन्वयक ने बताया जनपद में आयुष्मान भारत योजना के तहत 49013 लाभार्थी परिवार आते हैं। इन परिवारों के 73886 सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। 588 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड 26 जुलाई से 12 अगस्त, 2021 तक चलाए गए विशेष अभियान में बनाए गए। योजना से जनपद के तीन सरकारी और छह निजी चिकित्सालय संबद्ध हैं। अब तक 4321 लाभार्थी योजना का लाभ उठा चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button