धूमधाम एवं भव्य तरीके से मनाई जाएगी बाबा साहेब की जयंती, तैयारियां तेज

- मुरादनगर में उत्साह का माहौल, बाबासाहेब के चित्र वाला बैलून आकाश में उड़ाया
- 14 अप्रैल को मुरादनगर में निकाली जाएगी विशाल शोभा यात्रा
गाजियाबाद। भारत के संविधान निर्मार्ता बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती को भीम महोत्सव के रूप में मनाए जाने को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष के लिए मुरादनगर में डॉ. भीमराव अंबेडकर जन्मोत्सव समिति के अध्यक्ष बसपा के पूर्व जिला अध्यक्ष विनोद प्रधान को बनाया गया है, उनके साथ महासचिव के रूप में एडवोकेट लोकेश जाटव और कोषाध्यक्ष मनोहर लाल सहाय हैं। इस संबंध में मीडिया को जानकारी देते हुए समिति के अध्यक्ष विनोद प्रधान और महासचिव एडवोकेट लोकेश जाटव ने बताया कि 13 और 14 अप्रैल को भीम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। लोगों को कार्यक्रम की जानकारी मिल सके और जागरूक हों इसके लिए बाबा साहेब के चित्र से सज्जित एक विशाल बैलून आसमान में उड़ाया गया है। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को प्रसिद्ध हास्य कलाकार शेखचिल्ली अपनी टीम के साथ मौजूद रहेंगे। इसके अलावा कई विचारक इस दिन मौजूद रहेंगे जो लोगों को बाबा साहेब की शिक्षाओं के संबंध में जानकारी देंगे। 14 अप्रैल को रावली रोड स्थित चुंगी नंबर तीन पर रामलीला मैदान से एक विशाल शोभा यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा जो मुरादनगर के बाजार से होती हुई मेरठ रोड स्थित डॉक्टर भीमराव अंबेडकर पार्क में समाप्त होगी। शोभायात्रा में क्षेत्र के अनेक गांव से झांकियां पहुंचेगी। इसके अलावा बाबासाहेब के सैकड़ों समर्थक भी शोभा यात्रा में पैदल और अपने वाहनों के साथ चलेंगे। शोभायात्रा में शांति बनाए रखने के लिए जन्मोत्सव समिति के अनेक कार्यकर्ता वालंटियर के रूप में साथ चलेंगे। इस दिन मिशनरी गायक निशा बौद्ध और त्रिशला बौद्ध बाबा साहब को लेकर अपनी प्रस्तुति देंगी। अनेक बुद्धिजीवी और विचारक अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इस मौके पर प्रतिवर्ष की भांति 13 और 14 अप्रैल को दोनों दिन भंडारा भी लगाया जाएगा। जन्मोत्सव समिति से जुड़े दर्जनों कार्यकर्ता पिछले 15 दिन से क्षेत्र में भीम महोत्सव का प्रचार कर रहे हैं। जन्मोत्सव समिति ने अनुशासन बनाए रखने के लिए डॉ. राम किशोर गौतम को शोभायात्रा प्रभारी बनाया है। इस अवसर पर बिट्टू प्रधान अबूपुर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामकिशन प्रधान, मनोज भारती, चमन सिंह चौधरी, संजय जाटव, महेश मुखिया,चांद किशोर, सुरेश चंद्र, मनोहर लाल सहाय, वरिष्ठ पत्रकार योगेंद्र कुमार, मुकेश बड़का, बाबूराम, विनोद काले और कृष्ण पाल आदि मौजूद रहे।



