राज्यलेटेस्टस्लाइडर

योगी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर किया गहरा शोक व्यक्त, तीन दिन का राजकीय शोक

  • मुलायम सिंह ने देश-प्रदेश की राजनीति में लम्बे समय तक अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया
  • मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा
  • मुख्यमंत्री स्वयं सैफई जाकर प्रदेश शासन की ओर से दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे
    लखनऊ।
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोकाकुल परिवार एवं समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने यहां लोक भवन में मीडिया प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव का निधन अत्यंत दुखदायी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश शासन तथा प्रदेशवासियों की ओर से श्री मुलायम सिंह यादव को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके निधन से समाजवाद के एक प्रमुख स्तम्भ एवं एक संघर्षशील युग का अंत हुआ है। वह एक जुझारू नेता थे। समाजवादी विचारधारा से जुड़े एक महत्वपूर्ण स्तम्भ थे। संघर्षों से तपे बढे़Þ, प्रदेश की राजनीति के पांच दशक तक केन्द्र बिन्दु रहे। स्व. मुलायम सिंह यादव ने देश व प्रदेश की राजनीति में लम्बे समय तक अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। प्रदेश विधान सभा तथा विधान परिषद में लम्बे समय तक प्रतिनिधित्व किया। स्व. मुलायम सिंह यादव ने तीन बार प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अपना नेतृत्व प्रदान किया। संसद में सात बार प्रतिनिधित्व करने के साथ ही केन्द्रीय रक्षा मंत्री के रूप में देश की उल्लेखनीय सेवा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. श्री मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह स्वयं सैफई जाकर प्रदेश शासन की ओर से दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button