लेटेस्टशहर

जिले भर में मना योग दिवस, उत्साह, उमंग, उल्लास से किया लोगों ने योगाभ्यास

  • आईएमएस यूनिवर्सिटी कैंपस में पीएम के कार्यक्रम की हुई लाइव स्ट्रीमिंग
    गाजियाबाद
    । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर जिले भर में लाखों लोगों ने अलग-अलग जगहों पर हुए योग कार्यक्रमों में उत्साह, उल्लास, उमंग के साथ मानवता के लिए योग थीम पर योग किया। भव्य कार्यक्रम आईएमएस यूनिवर्सिटी कैंपस डासना में किया गया। योग कार्यक्रम में स्कूली बच्चे, पुरुष एवं महिलाएं शामिल हुईं। इसी के साथ तहसील, ब्लाक व विभिन्न सरकारी व निजी संस्थानों में भी योग दिवस पर कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। पूरे कार्यक्रम का सफल संयोजन जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा. अशोक राणा द्वारा किया गया। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आईएमएस यूनिवर्सिटी कैंपस डासना गाजियाबाद में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद अनिल अग्रवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष सीईओ नोएडा अथॉरिटी ऋतु महेश्वरी, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक ने किया। इसके बाद कर्नाटक के मैसूर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा व सुना गया। यह एक ऐसा मौका था, जब जनप्रतिनिधि, जिले भर के अधिकारी और आम नागरिकों ने एक साथ योगाभ्यास किया। इसमें अखिल भारतीय योग संस्था से जुड़े कुशल योग प्रशिक्षक नीरज योगी व उनकी टीम द्वारा योगासन कराए गए जिसमें कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत ग्रीवा शक्ति, घुटना शक्ति, विकासक क्रियाओं, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्ध चक्रासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, उत्थान, मंडूकासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्थानपादासन, अर्ध हलासन, पवनमुक्तासन एवं सर्वासन सहित कपालभाति, नाड़ी शोधन, प्राणायाम, शीतली प्राणायाम, भ्रामरी प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराते हुए प्रतिदिन योगाभ्यास का संकल्प दिलाया गया। आचार्य नीरज योगी जी की देखरेख एवं दिशा निर्देशन में योग प्रशिक्षकों ने इन योगासन और प्राणायम का अभ्यास उपस्थित साधकों को कराया। साथ ही इन योगासनों के शरीर पर पड़ने वाले प्रभावों और निरोगीकाया के लिए इनके महत्व को रेखाकिंत किया। इसके पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत प्रधानमंत्री की प्रेरणा से मानवता के लिए योग थीम पर आधारित आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन संपूर्ण जनपद में पूरी भव्यता के साथ किया गया। जनपद भर में लगभग 8 लाख लोगों ने योग क्रिया में प्रतिभाग किया। आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्य कार्यक्रम जनपद के आईएमएस यूनिवर्सिटी कैंपस डासना गाजियाबाद में संपन्न हुआ। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पूरा विश्व योगमय है। आज भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया के कई देशों में योग को लेकर कार्यक्रम हो रहे हैं। उन्होंने योग को घर-घर तक पहुंचाने के लिये प्रधानमंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि योग कसरत के रूप में बेहतरीन क्रिया है। योग से स्वस्थ और खुश रहा जा सकता है। योग से शरीर और मन तरोताजा रहता है। खोई शक्ति वापस प्राप्त होती है, तनाव से मुक्ति मिलती है व एकाग्रता बढ़ती है। बच्चों को बचपन से ही योग की संस्कारशाला से संस्कारित करना चाहिए। सीईओ नोएडा अथॉरिटी ऋतु महेश्वरी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर काफी समय से तैयारियां की जा रही थी। इसके बाद भव्य आयोजन हुए हैं। लोग ऐसा न सोचे की आज योग किया और शांत बैठ गए। बल्कि इसे शुरूआत माने और योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। ऐसा करने से उनकी लाइफ स्टाइल पर काफी फर्क पड़ेगा। योग से काफी रोगों का अपने आप खात्मा हो जाता है। उन्होंने कहा कि जो लोग योग नहीं करते हैं, वह आज से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। हर दिन कुछ नया करना चाहिए। दृढ़ संकल्प के साथ योग की शुरूआत करें, क्योंकि कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की मंशा के साथ जिले भर में भव्य योग दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें स्कूलों, कॉलेज में विद्याथिर्यों, इंडस्ट्री में अधिकारियों व कर्मचारियों ने योग किया। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में भी ब्लॉक स्तर के साथ ही ग्राम स्तर पर भी योग दिवस को लेकर कार्यक्रम किए गए। योग को आमजन को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग मानवता के लिए वरदान है। योग हिन्दुस्तान की वह विरासत है जो काफी समय गुमनामी के अंधेरे में रही। हम सभी को प्रधानमंत्री का आभारी होना चाहिए जिन्होंने वैश्विक पटल पर योग को पहचान दिलाई। इससे पहले योग को सन्यासियों की क्रिया माना जाता था। योग को घर-घर पहुंचाने का श्रेय प्रधानमंत्री को ही जाता है। आज ही के दिन प्रधानमंत्री की पहल पर आठ वर्ष पूर्व पहले अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी ने कहा कि योग करना निरोग रहने का संदेश देता है। हर व्यक्ति को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वास्थ्य रहना आवश्यक है जो योग द्वारा सम्भव है। नियमित योग करने से शरीर निरोगी रहता है एवं दिमाग तरोताजा रहने के साथ पूरे दिन स्फूर्ति रहती है। योग हर व्यक्ति के लिए है इसलिए हर अवस्था के लोग योग द्वारा अपनी-अपनी शक्ति व सामर्थ्य के अनुसार योगाभ्यास को अपनी जीवनशैली का महत्वपूर्ण अंग बना सकते हैं। मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि आज जिस तरह से आमजन की दिनचर्या हो गयी है इसके लिए योग काफी जरूरी है। हर एक को इसे अपनी जिंदगी का अहम हिस्सा बनाना चाहिए। राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में भी काफी संख्या में लोगों ने योग किया। आज से सभी को ठान लेना चाहिए कि उन्हें रोजाना कुछ समय योग करने के लिए जरूर निकालना है। उन्होंने कहा कि जब नियमित योग के क्रियात्मक एवं सैद्धांतिक पक्षों का अभ्यास किया जाता है तो पूरे शरीर में रक्त और प्राणवायु का प्रवाह बहुत ही सुगमता पूर्वक होने लगता है, जिसके परिणाम स्वरूप सभी तरह की साध्य एवं असाध्य बीमारियों से शरीर पूर्णता निरोगी हो जाता है। उन्होंने बताया कि बच्चों को बचपन से ही योग की संस्कारशाला में संस्कारित किया जाए तो उनकी बढ़ती उम्र के अनुसार होने वाले हार्माेनल परिवर्तन को संतुलित किया जा सकता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. भवतोष शंखधर, एसडीएम सदर विनय सिंह, एसीएम निखिल चक्रवर्ती, एसीएम शाल्वी अग्रवाल, डा. अशोक राना, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप द्विवेदी, सीवीओ डा. महेश कुमार, एसीएमओ डा. सुनील त्यागी, डीपीआरओ प्रदीप कुमार द्विवेदी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. मिथलेश, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल, अखिल भारतीय योग संस्थान से एमके सेठ, डिप्टी चीफ वार्डन अनिल अग्रवाल, आईएमएस ग्रुप के राकेश छारिया, पीडी डीआरडीए पीएन दीक्षित सहित अन्य लोगों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन पूनम शर्मा द्वारा किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button