राष्ट्रीयलेटेस्टस्लाइडर

Yoga Day 2021: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री से लेकर पूरे विश्व में सबने किया योग

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भारत समेत पूरे विश्व में लोग योगाभ्यास कर रहे हैं। भारत से लेकर अमेरिका तक योग दिवस की धूम देखने को मिल रही है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान योग दुनिया के लिए उम्मीद की किरण और इस मुश्किल समय में आत्मबल का स्रोत बना रहा। देश भर में योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

सांतवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के साथ मिलकर भारत ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है और अब दुनिया को ‘एम-योग’ ऐप की शक्ति मिलने जा रही है, जिस पर सामान्य नियमों पर आधारित योग प्रशिक्षण के कई वीडियो दुनिया की अलग-अलग भाषाओं में उपलब्ध होंगे। इससे ‘एक विश्व, एक स्वास्थ्य’ का लक्ष्य पूरा होगा।

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवान ने लद्दाख में 18,000 फीट की ऊंचाई पर शून्य डिग्री से नीचे के तापमान में सूर्य नमस्कार किया। योग दिवस के अवसर पर न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वॉयर में करीब 3000 लोगों ने एक साथ योगाभ्यास किया। कतर के 6 शहरों एशियन टाउन, मेसाईद, अल वकराह, अल खोर, दुखन और दोहा में एक ही समय पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। यह पहला मौका है जब यहां अलग-अलग स्थानों पर एक साथ इस तरह का आयोजन किया गया।

योग दिवस के अवसर पर भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के पूंछ इलाके के नागरिकों के साथ योग किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा, हजारों वर्षों से लाखों-करोड़ों लोगों को स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन का वरदान और शरीर एवं मन के संयोजन का साधन, योग के रूप में हमारे ऋषियों ने विश्व को दिया है। मानवता को यह भारत की अनुपम देन है। योग, कोविड-19 के संदर्भ में भी सहायक हो सकता है।

योगगुरू रामदेव ने कहा कि योग कोई मजहबी प्रक्रिया नहीं है। यह हमारे पूर्वजों की एक साझी विरासत है। योग, आयुर्वेद और अपनी सनातन ज्ञान परंपरा को हम गौरव से आत्मसात करें। योग पर कोई विवाद नहीं है। निष्पक्ष होकर योग के महत्व को मानें। आज पूरी दुनिया योग कर रही है। रामदेव ने कहा कि योग हमारी दिनचर्या का हिस्सा बनेगा। योग से सुरक्षा कवच तैयार हो जाता है। एक तरफ वैक्सीनेशन की दो डोज़ और दूसरी तरफ योग आयुर्वेद की डबल डोज़। जब चारो तरफ से आप अपने आपको मजबूत बना लेंगे तो इस सुरक्षा कवच को कोई बेध नहीं पाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button