राष्ट्रीयलेटेस्ट

महिलाएं खुद को पुरूषों से कमतर न आंकें : वीके सिंह

  • विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा काम करने वाली 75 महिलाएं सम्मानित
    गाजियाबाद।
    सूबे में मिशन शक्ति अभियान के तीसरे चरण का शनिवार को शुभारंभ किया गया। इस मौके पर गाजियाबाद में अलग-अलग क्षेत्रों में अच्छा काम करने वाली 75 महिलाओं को सम्मानित किया गया। सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग तथा नागरिक उड्डयन केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह और जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में अभियान का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर किया। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान सिर्फ महिलाओं को सशक्त बनाने का ही नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ी को यह बताना भी है कि महिलाओं को कमजोर ना समझें और ना ही महिलाएं खुद को पुरूषों से कमतर आंकें। इस अभियान के तीसरे चरण के जरिए महिला स्वावलंबन और सुरक्षा, उनके अधिकारों के प्रति उन्हें जागरूक किया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार हर वर्ग को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। आधी आबादी जिस सम्मान की अधिकारी है, वह सम्मान उन्हें इस सरकार में दिया जा रहा है। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न अभियान चलाकर उन्हें स्वावलंबी बनाया जा रहा है। डीएम आरके सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ महिलाओं को मिल सके, इसके लिए लगातार उसकी मॉनीटरिंग की जा रही है। महिला उत्पीड़न के मामलों को भी प्राथमिकता पर निस्तारित किया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अस्मिता लाल ने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के लिए स्वयं सहायता समूह संचालित किए जा रहे हैं। इन समूहों से जुड़कर ना सिर्फ महिलाएं सफलता की नई इबारत लिख रही हैं बल्कि आर्थिक रूप से मजबूत भी हो रही हैं। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित होने वाले कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया। इसके उपरांत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी 75 महिलाओं को मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, डीएम आरके सिंह, एसएसपी पवन कुमार, सीडीओ अस्मिता लाल ने प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर, एसडीएम खालिद अंजुम, डीडीओ भालचंद्र त्रिपाठी, पीडी परियोजना निदेशक पीएन दीक्षित और जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्रा आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button