राजनीतिलेटेस्टस्लाइडर

चौथे चरण के लिए वोटिंग जारी, 59 सीटों पर 624 प्रत्याशी मैदान में

लखनऊ। यूपी चुनाव 2022 के चौथे चरण के लिए आज सुबह सात बजे से मतदान हो रहा है। 59 सीटों पर हो रहे चुनाव में 624 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव के लिए 860 कंपनी अर्द्धसैनिक सुरक्षा बल को तैनात किया गया है। लखीमपुर के एक बूथ पर ईवीएम के मॉकपोल के दौरान कोई भी बटन दबाओ तो कमल की पर्ची निकलने की शिकायत पर ईवीएम को बदल दिया गया। सुबह नौ बजे तक 9.10 प्रतिशत मतदान हुआ। यानी दो घंटे के भीतर मतदान बेहद धीमा रहा। हालांकि मतदान की गति बढ़ने जा रही है। राजधानी लखनऊ की नौ विधानसभा सीटों पर कुल 109 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस बार राजधानी का चुनाव ग्लैमर से दूर रहा। 2017 के विधानसभा और 2019 के लोक सभा चुनाव में जहां कई फिल्मी स्टार प्रचार के लिए राजधानी आए थे वहीं इस बार वह दूर रहे।
भाजपा सांसद व भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी के अलावा कोई खास चेहरा नजर नहीं आया। भाजपा प्रत्याशियों के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा सहित तमाम केन्द्रीय मंत्रियों ने प्रचार किया वहीं सपा मुखिया अखिलेश यादव व बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी लखनऊ में सभा व रोड शो कर अपने प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।
चार मंत्रियों समेत कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
चौथे चरण में योगी सरकार के 4 मंत्री समेत कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। लखनऊ कैंट से कानून मंत्री बृजेश पाठक और मंत्री आशुतोष टंडन लखनऊ पूर्व से चुनावी समर में हैं। फतेहपुर जिले की हुसैनगंज विधानसभा सीट से रणवेंद्र प्रताप उर्फ धुन्नी सिंह और सहयोगी पार्टी अपना दल (एस) के कोटे से मंत्री जयकुमार जैकी बिंदकी से किस्मत आजमा रहे हैं। गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली सदर से कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में एंट्री करने वाली अदिति सिंह मैदान में हैं।
वहीं, पुलिस अधिकारी की नौकरी छोड़कर सियासत में कदम रखने वाले राजेश्वर सिंह लखनऊ की सरोजिनी नगर सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं। उनका मुकाबला सपा के पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्र से है। लखनऊ मध्य से सपा के दिग्गज नेता रविदास मेहरोत्रा किस्मत आजमा रहे हैं। हरदोई से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे विधानसभा उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल की साख भी दांव पर है। वे पिछले दिनों ही सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। हरदोई क्षेत्र में सांसद नरेश अग्रवाल का गढ़ माना जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button