पाइपलाइन रोड पर कूड़ा डंप बंद होने पर ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को सौंपा धन्यावाद पत्र




गाजियाबाद। मुरादनगर पाइपलाइन रोड पर भिक्कनपुर-मकरेड़ा में डंपिंग ग्राउंड पर कूड़ा डंप होने पर रोक लगाए जाने के बाद ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन को धन्यावाद ज्ञापन सौंपा है। बता दें कि क्षेत्र की ग्रामीण जनता उक्त विकट समस्या के निराकरण हेतु लगभग तीन वर्षो से विभिन्न तरीकों से आन्दोलनरत थी, साथ ही शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों सहित समस्त सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को भी इस समस्या से निजात दिलाने हेतु प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए थे। विकास संघर्ष समिति के सचिव सलेक भइया ने बताया कि 22 जून 2025 को गांव शाहपुर में हुई अन्तिम ग्रामीण पंचायत में प्रशासन की मध्यस्थता में नगर निगम गाजियाबाद के साथ हुई त्रिपक्षीय समझौता वार्ता में 10 जुलाई 2025 की तिथि, कूड़ा डम्प बन्द किये जाने की अन्तिम समय सीमा निर्धारित की गई , परन्तु निर्धारित तिथि से पूर्व ही अर्थात 5 जुलाई 2025 को ही कूड़ा डम्प किया जाना बन्द कर दिया गया। एवं डम्प कूड़े को उठाने की समयावधि एक वर्ष निश्चित की गयी। इसी सन्दर्भ में विकास संघर्ष समिति के तत्वावधान में 16 गांवों की ग्रामीण जनता का धन्यवाद करने हेतु 11 जुलाई 2025 को गायत्री मंत्र की ग्यारह सौ ग्यारह आहुतियां के साथ महायज्ञ किया गया, जिसमें 111 ग्रामीणों ने आहुति प्रदान कर जनता का धन्यवाद किया, साथ ही ग्यारह कुंतल प्रसाद/ मिष्ठान (कलाकंद) का वितरण भंडारे के रूप में किया। इसी सम्बन्ध में मुख्यमंत्री को भी एक धन्यवाद पत्र प्रेषित किया गया।
समिति अध्यक्ष चौधरी आजाद प्रमुख के नेतृत्व में ग्यारह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सुबह से शाम पांच बजे तक समस्त जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से मिलकर इस कार्य में अपने स्तर से सहयोग करने के लिए धन्यवाद पत्र सौंपे गए। सर्व प्रथम प्रतिनिधि मंडल सांसद अतुल गर्ग के आवास पर पहुंचा, सांसद की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि राजेन्द्र मित्तल मेदी वाले को धन्यवाद पत्र सौंपा गया। उसके उपरांत मुरादनगर क्षेत्र विधायक अजीत पाल त्यागी को अपने स्तर से सहयोग करने के लिए उनके कार्यालय पहुंचकर उन्हें धन्यवाद पत्र सौंपा गया। जिला मुख्यालय में जिला अधिकारी की अनुपस्थिति में अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) सहित उप जिलाधिकारी (सदर)अरुण दीक्षित को भी उनके कार्यालय में पहुंच कर धन्यवाद पत्र इस आशय के साथ प्रस्तुत किया गया कि उनके द्वारा 22 जून 2025 को हुई। अन्तिम त्रिपक्षीय समझौता वार्ता में जिला प्रशासन की ओर से मध्यस्थता करते हुए निष्पक्ष, निर्णायक एवं सराहनीय भूमिका अदा की गयी थी। इसी के साथ विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी के कार्यालय में पहुंच कर गत ग्यारह जुलाई को ग्रामीण जनता को धन्यवाद देने हेतु किये गये महायज्ञ एवं भन्डारे/प्रसाद वितरण कार्यक्रम में शिरकत करने आए मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल (आई.ए.एस ) को भी धन्यवाद पत्र प्रस्तुत किया। अन्त में गत 22 जून 2025 को गांव शाहपुर में हुई विशाल ग्रामीण पंचायत हेतु की गई पुलिस सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में किये गये सराहनीय सहयोग के लिए भी मुरादनगर थानाध्यक्ष अंकित कुमार को भी धन्यवाद पत्र प्रस्तुत किया गया। समिति के ग्यारह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में समिति सचिव सलेक भईया, समिति के कोषाध्यक्ष प्रवीन त्यागी, कानूनी सलाहकार एडवोकेट बी सी बंसल, समिति के जनप्रतिनिधि ब्रिगेड के अध्यक्ष आकाश प्रधान, मिन्टू प्रधान, प्रवीन मुखिया, बूटन त्यागी, सूरजमुनि त्यागी, आर्य राजेन्द्र त्यागी, बृजपाल सिंह निमेश, छत्रपाल बिधूड़ी, नितिन शामिल रहे।



