उत्तर प्रदेशगाजियाबाद

25 मई को 51 केन्द्रों पर कड़ी सुरक्षा में होगी यूपीएससी सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, डीएम के निर्देशन में प्रशिक्षण शिविर आयोजित

  • यूपीएससी आयोग के दिशा—निर्देशों का अक्षरश: किया जाए पालन
  • हवा, पानी एवं प्रकाश व्यवस्था का रखा जाए विशेष ध्यान
  • परीक्षा केंद्रों पर नहीं होगी कोई भी क्लॉक रूम की सुविधा

गाजियाबाद। यूपीएससी सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2025, 25 मई 2025 को देश भर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली है। यूपीएससी ने इस परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड और कुछ दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए हैं जिनका सख्ती से पालन करना होगा। जिसके सम्बंध में जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देशन पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रणविजय सिंह की अध्यक्षता में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार, जीजीआईसी विजयनगर में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बताया कि जिला गाजियाबाद में इस परीक्षा हेतु 51 सेन्टर हैं, जिनमें परीक्षा के दौरान निगरानी हेतु 3 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 7 जोनल मजिस्ट्रेट, 18 सैक्टर मजिस्ट्रेट, 51 एलआईओ सहित सुरक्षा की दृष्टि से महिला/पुरूष पुलिस कर्मी रहेंगें, इसके साथ ही सुरक्षा हेतु अन्य पुलिस अधिकारी भी रहेंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी जो कि दो—दो घण्टों की होगी, प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 09:30 से 11:30 व द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक होगी।
यूपीएससी आयोग की गाइडलाईन के अनुसार ही सभी कार्य होंगे। परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान मूलभूत एवं मौसम अनुकुल सुविधाएं जैसे पंखे, पीने का पानी, प्रकाश आदि की पूर्ण व्यवस्था होनी चाहिए। परीक्षार्थियों को नियमानुसार क्रमवार ही बैठायें। परीक्षा केन्द्र के अन्दर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल, स्मार्ट वॉच सहित अन्य ले जाना प्रतिबंधित है। प्रशिक्षण दे रहे अधिकारियों ने मीडिया के माध्यम से परीक्षार्थियों को सूचित किया है कि परीक्षा के समय से आधा घण्टा पूर्व ही परीक्षा केन्द्र पर पहुंच जाएं, प्रथम पाली में 09:00 बजे व द्वितीय पाली में 02:00 बजे के उपरान्त परीक्षा केन्द्र में प्रवेश बंद कर दिया जायेगा, इसलिए समय से पहुंचे। एडमिट कार्ड के साथ अपनी एक फोटो आईडी (आॅरिजनल) जरूर लायें। अपने साथ कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ना लाएं, आदेशानुसार सेंटरों पर कोई भी क्लॉक रूम की व्यवस्था नहीं है। प्रशिक्षण के दौरान एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट, जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र, एसीपी सूर्यबली मौर्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button