राजनीतिलेटेस्टस्लाइडर

यूपी चुनाव: तीसरे चरण में अखिलेश, शिवपाल व सतीश महाना की प्रतिष्ठा दांव पर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान 20 फरवरी को होगा। तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश के 16 जिलों की 59 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन है और शाम छह बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। भाजपा, सपा, कांग्रेस व बसपा ने चुनाव प्रचार में जान फूंक दी है। तीसरे चरण के इस चुनाव में कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव करहल सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इसी सीट पर भी बीस फरवरी को वोट डाले जाएंगे। उन्हें टक्कर देने के लिए केन्द्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल भाजपा से हैं। इनके अलावा योगी सरकार के मंत्री सतीश महाना, नीलिमा कटियार, रामनरेश अग्निहोत्री, पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद भी मैदान में हैं। बीस फरवरी को होने वाली वोटिंग में तय हो जाएगा कि जनता किसको चुनती है। हालांकि परिणाम तो दस मार्च को ही आएंगे लेकिन हवा का रुख नेता भांप लेते हैं। भाजपा व सपा के लिए तीसरे चरण का यह मतदान बेहद अहम माना जा रहा है। इस चरण में कई जिले ऐसे हैं जो कभी समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता था, लेकिन 2017 के चुनाव में भाजपा ने यहां जबरदस्त सेंधमारी की थी और 59 में से 49 सीटें जीतीं थीं। सपा-कांग्रेस गठबंधन को 9 सीट मिली थी। सपा के लिए चुनौती अपने गढ़ को दोबारा पाने की है वहीं भाजपा के लिए चुनौती अपना पिछला रिकार्ड दोहराने की है। इस चरण में हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, इटावा, मैनपुरी, कासगंज, फरुर्खाबाद, कन्नौज, औरय्या, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा में चुनाव होना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button