गाजियाबाद

16 अक्टूबर से आरकेजीआईटी में होगा दो दिवसीय डॉ .अब्दुल कलाम जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट का आयोजन

  • 22 क्षेत्रीय कॉलेजों के एक हजार से अधिक स्टूडेंट्स लेंगे भाग, सभी तैयारियां पूर्ण
  • प्रेस कान्फ्रेंस में दी कालेज प्रबंधन ने दी पूरे आयोजन की जानकारी

गाजियाबाद। एकेटीयू लखनऊ ने राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट आॅफ टेक्नोलॉजी गाजियाबाद को यूनिवर्सिटी के डॉ . अब्दुल कलाम जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट -2025-2026 आयोजित कराने के लिए चुना है। आरकेजीआईटी 16-17 अक्टूबर को कॉलेज कैम्पस में जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट का आयोजन कर रहा है। जिसमें 22 विद्यालयों से एक हजार से अधिक प्रतियोगी विभिन्न खेलकूद स्पर्धा में भाग लेंगे। यूनिवर्सिटी ने स्टूडेंट्स एक्टिविटी काउंसिल के चेयरमैन आलोक त्यागी को डॉ. अब्दुल कलाम जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट-25-26 के लिए जोनल कोआॅर्डिनेटर नियुक्त किया है।
बुधवार को कालेज में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में दो दिवसीय इस स्पोर्ट्स फेस्टिवल को लेकर प्रबंधन ने विस्तार से जानकारी दी। प्रेस वार्ता के दौरान कालेज के कार्यकारी निदेशक डॉ.डी.के.चौहान, निदेशक डॉ.बीसी शर्मा, डीन छात्र कल्याण एच.जी.गर्ग, स्टूडेंट्स एक्टिविटी काउंसिल के चेयरमैन आलोक त्यागी ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित राज सिंह (रिटायर्ड कमांडेंट बीएसएफ) एवं समापन समारोह में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित सुभाष वर्मा (रिटायर्ड डिप्टी कमांडेंट बीएसएफ) मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने आ रहे हैं। बाहर से आने वाली टीमों के लिए कॉलेज में सभी प्रकार की व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आरकेजीआईटी संस्थान इस वर्ष अपने स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर चुका है और इसलिए इस वर्ष को सिल्वर जुबली वर्ष के रूप में मना रहा है। उन्होंने बताया कि आरकेजी ग्रुप के चेयरमैन दिनेश गोयल व वाईस चेयरमैन अक्षत गोयल ने इस भव्य आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं और कहा है कि सभी प्रतियोगिताओं को पारदर्शिता के साथ आयोजित किया जाना चाहिए। इन दो दिवसीय स्पोर्ट्स फेस्टिवल में अंतर महाविद्यालय बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, खो -खो, शतरंज, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। खेलों के परिणाम घोषित करने के लिए अनुभवी रेफरी व उत्कृष्ट जजों की टीम का चयन किया गया है। यूनिवर्सिटी की तरफ से डॉ. आर. के. सिंह डिप्टी रजिस्ट्रार को स्पोर्ट्स फेस्टिवल में पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इस मौके पर प्रेस-मीडिया कोआर्डिनेटर हर्ष मोहन शर्मा, स्पोर्ट्स कनवीनर विकास त्यागी, को-कनवीनर सौरभ सिंह, मिस. प्रिया शर्मा, राहुल शर्मा, उमा शंकर, स्पोर्ट्स आफिसर प्रशांत राठी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button