तिरंगा भारत के शौर्य और पराक्रम का प्रतीक : मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों की ओर से आॅपरेशन सिन्दूर की सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि पूरा देश भारतीय सेना के जवानों की वीरता की प्रशंसा करते हुए उनका अभिनन्दन करने के लिए उतावला दिखायी दे रहा है। देश और दुनिया ने भारतीय सेना के बहादुर जवानों के शौर्य और पराक्रम का लोहा माना है। तिरंगे के प्रति सम्मान का भाव व्यक्त करने, सैनिकों को सर्वाच्च सम्मान देने तथा प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए उत्तर प्रदेश में भी आज से तिरंगा यात्रा का शुभारम्भ हो रहा है। तिरंगा भारत के शौर्य और पराक्रम का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री यहां अपने सरकारी आवास पर भारत शौर्य तिरंगा यात्रा का शुभारम्भ करने से पूर्व इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने तिरंगे के साथ भारत शौर्य तिरंगा यात्रा की अगुवाई की तथा यात्रा में शामिल स्कूली बच्चों तथा अन्य लोगों का प्रोत्साहन किया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद यहां उपस्थित सभी लोग उत्साह के साथ इस कार्यक्रम में भागीदार बनने आये हैं। यही धैर्य और समर्पण का भाव भारत के नागरिकों ने आॅपरेशन सिन्दूर के दौरान प्रदर्शित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 अप्रैल, 2025 को आतंकवादियों द्वारा पहलगाम में की गयी बर्बरता की पूरी दुनिया व देश ने निन्दा की थी। आतंकवाद का पोषक पाकिस्तान और उसके आका इस पूरी घटना पर मौन बने रहे। देश की आन-बान-शान की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध भारत सरकार द्वारा इस घटना के सभी प्रमाण दिये जाने के पश्चात भी जब पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया, तो आॅपरेशन सिन्दूर प्रारम्भ किया गया। इस आॅपरेशन के पहले दिन ही 100 से अधिक आतंकियों और आतंक की विषबेल को पालने-पोसने वाले लोगों को उनके वीभत्स कृत्य की सजा दी गयी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नेशन फर्स्ट के भाव के साथ कार्य कर रहे हैं। यही संकल्प प्रधानमंत्री जी ने देश की आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में भारतवासियों को कराया था। आज इसी संकल्प को दोहराने के लिए हम इस तिरंगा यात्रा में सम्मिलित हो रहे हैं। जब 140 करोड़ भारतवासी राष्ट्र प्रथम के भाव के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे, तो दुनिया की कोई ताकत भारत की शक्ति के सामने नहीं टिक पाएगी। प्रधानमंत्री जी ने ह्यआॅपरेशन सिन्दूरह्ण के दौरान पूरे देश को एकजुट रखने का काम किया। उन्होंने कल पंजाब के आदमपुर एयरबेस में जाकर सेना के जवानों का हौसला बढ़ाने का काम किया है।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विधान परिषद सदस्य भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया। इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयेन्द्र प्रताप सिंह राठौर, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।