अन्तर्राष्ट्रीयदेशराष्ट्रीयस्लाइडर

भारत की ओर नजर उठाने का एक ही अंजाम होगा- तबाही: पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को रात आठ बजे देश को संबोधित किया तो मंगलवार की सुबह वे जालंधर के आदमपुर एयरबेस का दौरा करने पहुंचे और वहां जवानों का हौसला बढ़ाया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आॅपरेशन सिंदूर कोई सामान्य सैन्य अभियान नहीं है। यह भारत की नीति, नीयत और निर्णायक क्षमता की त्रिवेणी है। आपने उन्हें सामने से हमला करके मारा। आपने आतंक के तमाम बड़े अड्डों को मिट्टी में मिला दिया। नौ आतंकी ठिकाने तबाह कर दिए। सौ से ज्यादा आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया। आतंक के आकाओं को अब समझ आ गया है कि भारत की ओर नजर उठाने का एक ही अंजाम होगा- तबाही। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा, जब भारत के सैनिक मां भारती की जय बोलते हैं, तो दुश्मन के कलेजे कांप जाते हैं। जब हमारी मिसाइलें सनसनाती हुईं निशाने पर पहुंचती हैं, तब दुश्मनों को सुनाई देता है- भारत माता की जय। जब रात के अंधेरे में भी हम सूरज उगा देते हैं तो दुश्मन को दिखाई देता है- भारत माता की जय। जब हमारी फौजें न्यूक्लियर ब्लैकमेल की धमकी हवा निकाल देती है तो आकाश से पाताल तक एक ही बात गूंजती है- भारत माता की जय।
उन्होंने कहा कि आपके पराक्रम की वजह से आज आपरेशन सिंदूर की गूंज हर कोने में सुनाई दे रही है। इस पूरे आपरेशन के दौरान हर भारतीय आपके साथ खड़ा रहा। हर भारतीय की प्रार्थना आप सभी के साथ रही। आज हर देशवासी अपने सैनिकों, उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञ है, उनका ऋणी है। भारत गौतम बुद्ध की धरती है, तो गुरु गोविंद सिंह की भी धरती है। सवा लाख से एक लड़ाऊं। अधर्म के नाश और धर्म की स्थापना के लिए शस्त्र उठाना हमारी परंपरा है। उन्होंने कहा कि जब हमारी बहन-बेटियों का सिंदूर छीना गया, तब हमने आतंकियों के फन को उनके घर में घुसकर कुचल दिया। वो कायर की तरह छिपते रहे, वो भूल गए कि उन्होंने जिसे ललकारा है, वह हिंद की सेना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button