चर्चा-ए-आमस्लाइडर

समय माकूल है, लोहा गर्म है, गहरी चोट लगाओ

कमल सेखरी
कश्मीर घाटी के पहलगाम पर्यटक स्थल पर हुए नरसंहार को लेकर तीन दिन पूरे हो चुके हैं लेकिन देश के लोगों में उन दुर्दांत आतंकवादियों के खिलाफ गुस्सा अभी जस का तस बना हुआ है। देश के लोग चाहते हैं कि भारत सरकार इस नृशंस सामूहिक हत्याकांड का जवाब पाकिस्तान को जल्द से जल्द दे और ऐसा जवाब दे कि वहां पनप रहे आतंकी गुटों और उन्हें संरक्षण दे रही पाकिस्तान की सरकार और फौज को ऐसा सबक मिले कि ये फिर कभी ऐसी हैवानियत की दरिंदगी भरी घटना को दोबारा अंजाम देने की जुर्रत भी ना करे। हालांकि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दो टूक बड़े स्पष्ट शब्दों में यह संकेत दे दिया है कि पहलगाम में नरसंहार करने वाले आतंकी और उनके आकाओं को भारत ऐसा मुंहतोड़ जवाब देगा जो कल्पना से भी बाहर होगा और जिसे सुनकर और देखकर आतंकियों के आकाओं की भी रुह कांप जाएगी। देश को विश्वास है कि प्रधानमंत्री जैसा कह रहे हैं वैसा जल्द ही करके भी दिखाएंगे। क्योंकि इस समय स्थितियां माकूल हैं। देश की सभी विपक्षी पार्टियां एकमत से सरकार के साथ खड़ी हैं और विश्व के अधिकांश बड़े देश हैवानियत की इस घटना पर खेद व्यक्त करते हुए अपना समर्थन भारत के साथ जोड़े हुए हैं। हालांकि भारत ने कई बड़े निर्णय लेकर पड़ोसी देश के साथ हुए कई समझौते और संधियों को एकसिरे से भंग कर दिया है और भारत में वीजा लेकर आए पाक नागरिकों को दो दिन के भीतर भारत छोड़ने के आदेश दिए हैं इनमें वो पाक नागरिक भी हैं जो इलाज के लिए मेडिकल वीजा पर भारत आए हैं। इसी तरह पाकिस्तान में इस समय रह रहे भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द तीस अप्रैल तक भारत लौटने के निर्देश भी दे दिए हैं। इसी के साथ सिंधु नदी का पानी जो एक समझौते के तहत भारत से पिछले कई सालों से पाकिस्तान जा रहा है उसे भी जल्द ही रोकने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा होने पर पाकिस्तान में पानी की इतनी किल्लत पैदा हो जाएगी कि पाकिस्तान त्राहीमाम-त्राहीमाम करने लगेगा। कल शाम भारत सरकार के आदेशों पर बाघा और अटारी बार्डर की सीमाएं भी आम जनता के लिए बंद कर दी गई हैं। आज सुबह ही पहलगाम नरसंहार में शामिल आतंकवादियों में से दो स्थानीय आतंकवादियों को चिन्हित करके हमारी सेना ने उनके घरों को बमों से उड़ा दिया है। हालांकि पाकिस्तान नरसंहार की इस घटना के बाद खौफजदा नजर आ रहा है लेकिन अपने डर को छिपाने के लिए अनाप शनाप बयानबाजी कर रहा है। इसी के चलते खौफजदा पाकिस्तान ने यह बताने के प्रयास में कि हम डरे नहीं हैं बीती रात भारतीय सीमा पर अपनी ओर से गोलियों की बौछार भी की है और हमारी सेना ने भी उसका मुंहतोड़ जवाब दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पीओके में पाकिस्तान ने अपनी सीमा के अंदर इस समय सौ से अधिक आतंकी प्रशिक्षण सेंटर चलाए हुए हैं और उन्हें प्रशिक्षण देने के लिए पाक सेना के रिटायर्ड अधिकारियों को तैनात किया गया है जिन्हें आलीशान बंगले देकर वहीं पर रहने की सुविधा भी दी गई है। इतनी सब जानकारियों का पुलिंदा तैयार करके भारत सरकार ने कल विदेश मंत्री के आमंत्रण पर कई प्रमुख देशों के राजनायिकों की बैठक बुलाई और उसमें यह सारी जानकारियां उनके साथ साझा की। इसके साथ ही कल दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में एक सर्वदलीय बैठक बुलाई गई जिसमें सभी विपक्षी दलों के नेताओं ने भाग लिया और अपनी-अपनी पार्टी का समर्थन एकमत होकर सरकार को देने का आश्वासन दिया। हालांकि इस बैठक में कांग्रेस और विपक्षी दलों के नेताओं ने पहलगाम के नरसंहार वाले स्थल पर हजारों सैलानियों की मौजूदगी होने पर भी वहां सुरक्षा उपलब्ध ना होने पर अपना ऐतरज दर्ज कराया, उनका कहना था कि इतने संवेदनशील क्षेत्र में पुलिस का एक डंडे वाला सिपाही भी तैनात नहीं किया गया। सर्वदलीय संयुक्त बैठक में प्रधानमंत्री श्री मोदी की उपस्थिति ना होने पर भी विपक्षी दलों ने अपनी नाराजगी दर्ज की। कुल मिलाकर छुटपुट मतभेदों के चलते भी सभी विपक्षी दल एक मत से सरकार के साथ हैं। इसी के साथ पूरा देश भी धर्म जाति के मतभेद भुलाकर सरकार के साथ खड़ा नजर आ रहा है। लिहाजा समय माकूल है लोहा गर्म है सरकार को दुश्मन और आतंकियों को गहरी चोट समय रहते लगानी ही चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button