बोल बम, बम बम से गूंज रहा शहर, भगवा टीशर्ट में 600 सफाई मित्र स्वच्छता की निभा रहे हैं अहम जिम्मेदारी


गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा महोत्सव के दौरान बोल बम, बम बम से गाजियाबाद गूंज रहा है। अधिकारियों से लेकर नगर निगम कर्मचारी तक सभी ड्यूटी निभाने के साथ-साथ भोलों की सेवा में लगे हुए हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में कांवड़ यात्रियों हेतु व्यवस्था को बनाने के लिए निगम कर्मचारी तथा अधिकारी लगे हुए हैं, बैरिकेडिंग की व्यवस्था को निर्माण विभाग बीच-बीच में मजबूत कर रहा है तथा जलकल विभाग 24 घंटे जलापूर्ति के लिए टैंकरों की व्यवस्था कर रहा है, साफ-सफाई के लिए स्वास्थ्य विभाग कांवड़ शिविरों, मंदिरों के बाहर भी व्यवस्था में लगा हुआ है। कांवड़ रूट पर भी लगातार सफाई जारी है। प्रकाश व्यवस्था के लिए प्रकाश विभाग भी लगातार व्यवस्था को देख रहा है, इन्हीं सभी ड्यूटी के बीच भी गाजियाबाद नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी तथा सफाई मित्र भी कांवरियों की सेवा में भी लगे दिखाई दे रहे हैं, जो की जन-जन तक एक सेवा भाव का संदेश देता है।
नगर आयुक्त द्वारा बताया गया कि गाजियाबाद नगर निगम की टीम जहां अपनी-अपनी जिम्मेदारियोंं पर अलर्ट है तथा 24 घंटे अपनी जिम्मेदारी निभारते हुए कार्य कर रही है वहीं दूसरी ओर निगम की पूरी टीम सेवा भाव से भी कांवड़ यात्रियों की व्यवस्था के कार्य में जुटी हुई है। साई उपवन में आयोजित कांवड़ शिविर जो की पूर्ण रूप से प्लास्टिक मुक्त है गाजियाबाद नगर निगम द्वारा आयोजित है और कर्मचारी सेवा भाव से कांवड़ियों को भोजन कराने तथा अन्य व्यवस्थाओं में लगे हुए हैं, तथा स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं।
महापौर सुनीता दयाल द्वारा बताया गया कि पार्षदों तथा निगम अधिकारियों का संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रियों की सेवा करना बहुत ही प्रशंसनीय है। स्वास्थ्य विभाग के सफाई मित्र जो की सफाई व्यवस्था को संभाल रहे हैं उनको गाजियाबाद नगर निगम द्वारा भगवा रंग की टीशर्ट ड्रेस कोड के रूप में दी गई है। कांवड़ सेवा शिविर में महिला कांवरियों के लिए अलग से व्यवस्थाएं कराई गई जिससे उनका लाभ मिला। विश्राम की व्यवस्था, स्नान की व्यवस्था, शौचालय की व्यवस्था, महिला कांवड़ यात्रियों के लिए अलग से कराई गई जिसके लिए अलग से ही महिला सफाई मित्रों की ड्यूटी लगाई गई।
जोनल सैनिटरी आॅफिसर ओमपाल द्वारा बताया गया कि गाजियाबाद नगर निगम अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में सफाई मित्र, सफाई व्यवस्था में लगे हुए हैं। मोबाइल शौचालय की सफाई के साथ-साथ आयोजित कांवड़ शिविरों में भी सफाई व्यवस्था कराई जा रही है जिसके लिए रात्रि सुबह और शाम मे तीन शिफ्ट में सफाई मित्र ड्यूटी पर लगाए गए हैं। 600 सफाई मित्र हैं जिनके द्वारा मिल्क दुहाई गांव से लेकर मेरठ रोड तिराहे तक मेरठ रोड तिराहे से सीमापुरी बॉर्डर तक तथा मोहन नगर क्षेत्र से भोपुरा तक मोहन नगर क्षेत्र से कौशांबी तक के उपरांत इंदिरापुरम क्षेत्र में वसुंधरा क्षेत्र में तथा डायमंड फ्लाईओवर की तरफ गोविंदपुरम से मेरठ रोड तिराहे तक, सफाई व्यवस्था का कार्य जोरों पर चल रहा है।



