शहर विधानसभा क्षेत्र में निकाली गई शौर्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति और एकता का दिया संदेश


गाजियाबाद। सोमवार को गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र में शौर्य तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में देशभक्त नागरिकों ने भाग लिया। यह यात्रा उत्सव भवन विजय नगर से प्रारंभ होकर स्वदेशी चौक प्रताप विहार तक निकाली गई। यात्रा का उद्देश्य देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और शहीदों के सम्मान को जन-जन तक पहुंचाना था। यह गौरवशाली यात्रा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल एवं विधायक संजीव शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुई। विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि शौर्य तिरंगा यात्रा का उद्देश्य न केवल देश के लिए गर्व का क्षण है, बल्कि यह सामाजिक एकता और सद्भाव को भी सुदृढ़ करता है। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सदैव राष्ट्रहित में अग्रणी रहे हैं। यह यात्रा उसी भावना को समर्पित है। आज जनसमूह ने यह सिद्ध कर दिया कि देशभक्ति अभी भी हमारे रग-रग में है। तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि हमारी अस्मिता, शौर्य और बलिदान का प्रतीक है। आज की यह यात्रा हर देशवासी में राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रबल करती है।
यात्रा में मंडल पदाधिकारी, पूर्व व वर्तमान पार्षद, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, सेक्टर संयोजक, वार्ड व बूथ अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक सहित वरिष्ठ भाजपा नेता हातम सिंह नागर, महामंत्री पप्पू पहलवान, गोपाल अग्रवाल, निगम उपाध्यक्ष राजीव शर्मा, सुरेन्द्र नागर, यात्रा संयोजक सचिन डेढ़ा, संदीप चौधरी, सुनील यादव, संजय कांत शर्मा, आदि उपस्थित रहे। तिरंगे से सजी सड़कों और भारत माता की जय के नारों से वातावरण गूंज उठा।