नंदग्राम में मानवता की सेवा: राधा कृष्ण समिति ने बांटे जरूरतमंदों को कंबल, शव यात्रा वाहन भी किया समर्पित


गाजियाबाद। समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी राधा कृष्ण समिति द्वारा नंदग्राम के शांति फार्म में एक विशाल सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी द्वारा जरूरतमंद लोगों को शीतलहर से बचाव हेतु कंबल वितरित किए गए। कंबल वितरण के साथ-साथ संस्था ने क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए एक बड़ी पहल करते हुए एक बस को ‘अंतिम शव यात्रा वाहन’ के रूप में समर्पित किया। इस वाहन की उपलब्धता से स्थानीय लोगों को अंतिम संस्कार हेतु होने वाली परिवहन की समस्याओं से निजात मिलेगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडिशनल कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने कहा कि ओम त्यागी और उनकी संस्था द्वारा किए जा रहे ये सामाजिक कार्य अत्यंत सराहनीय हैं। ऐसे प्रयासों से न केवल जरूरतमंदों को मदद मिलती है, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी जाता है। विशिष्ट अतिथि राम किशोर अग्रवाल और पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार मुन्नी ने भी संस्था के कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। पूर्व विधायक सुरेन्द्र कुमार मुन्नी ने कहा कि इस क्षेत्र को एक शव यात्रा वाहन की सख्त जरूरत थी, जिसे दानवीर ओम त्यागी ने पूरा किया है। समाजसेवी जेपी कश्यप ने भी कार्यक्रम को प्रोत्साहित करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रोहित त्यागी का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान भारी संख्या में स्थानीय लोग और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से सतीश त्यागी, जनेश्वर त्यागी, सुरेश त्यागी, ब्रह्म दत्त त्यागी, सुरेंद्र त्यागी, नरेंद्र त्यागी, आर.डी. त्यागी, राकेश त्यागी, प्रेम त्यागी, बबलू ठाकुर, ओमवीर, नेत्रपाल, चिंतामणि, परवेज राजोरिया आदि उपस्थित रहे।



