एचआरआईटी विवि में राइज इन इंडिया कार्यक्रम का समारोहपूर्वक हुआ समापन

- संविधान दिवस पर सभी आगंतुकों को दिलाई गई शपथ


गाजियाबाद। मेरठ रोड दुहाई स्थित एचआरआईटी विश्वविद्यालय में आयोजित राइज इन इंडिया के तीन दिवसीय कार्यक्रम का बुधवार को समारोहपूर्वक भव्य रुप से समापन हो गया है। समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और कन्नौज सदर से विधायक असीम अरुण उपस्थित रहे। एचआरआईटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. अनिल अग्रवाल ने मुख्य अतिथि असीम अरुण का पुष्पदल, अंगवस्त्र व स्मृतिचिन्ह देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं, जिनमें सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की टीम द्वारा वंदे मातरम की प्रस्तुति और राजस्थानी भवई की प्रस्तुति शामिल थीं। समापन समारोह के दौरान लोनी विधायक नन्द किशोर गुर्जर, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजपाल तेवतिया, पूर्व चेयरमैन रीना भाटी, गोपाल अग्रवाल, बृजपाल तेवतिया, पवन सहलोत, अंजुल अग्रवाल, पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल के मीडिया सलाहकार राहुल गोयल आदि प्रमुख रुप से मौजूद रहे।
इस अवसर पर संविधान दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों ने संविधान की मूल भावना पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में शहीदों का सम्मान भी किया गया, जिसमें उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इनमें वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन, और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन जैसी प्रमुख संस्थाएं शामिल थीं। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तीन स्टॉल्स को क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय वरीयता प्रदान की गई, जिनमें परमाणु ऊर्जा विभाग, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन शामिल थे।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल और मंत्री असीम अरुण ने अपने विचार व्यक्त किए और कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में, विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. अनिल अग्रवाल ने संविधान दिवस की बधाई दी, सभी का आभार व्यक्त किया और प्रधानमंत्री के विकसित भारत एवम नौकरी देने वाले बनने के संकल्प का भी जिÞक्र किया । उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए बल्कि समाज के लिए भी एक महत्वपूर्ण अवसर था। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों को अपने कौशल और ज्ञान को बढ़ाने का अवसर मिलता है।
मंत्री असीम अरुण ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन भारत की प्रगति और विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व के अग्रणी देशों में शामिल करने के लिए हमें अपने संसाधनों और कौशल का सही उपयोग करना होगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें सभी अतिथियों और प्रतिभागियों ने भाग लिया।



