अहमदाबाद विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों को गुलमोहर एंक्लेव के निवासियों ने दी श्रद्धांजलि

गाजियाबाद। गुरुवार का दिन देश के लिए एक काला दिन साबित हुआ। अहमदाबाद से टेक आॅफ के कुछ देर बाद ही अचानक एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया। इस दुर्घटना में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी के मॉर्निंग योगा ग्रुप ने सोसायटी के सेंट्रल पार्क में शुक्रवार की सुबह दो मिनट का मौन धारण किया। इसके अलावा सोसायटी के ओपन जिम में भी मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
बता दें कि गुरुवार की दोपहर एयर इंडिया के विमान ने 242 लोगों के साथ उड़ान भरी थी। टेक आॅफ के कुछ ही मिनटों में अचानक प्लेन क्रैश हो गया और एक बड़े धमाके के साथ सब कुछ जलकर खाक हो गया। दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि लोगों की लाशें तक पहचानने में नहीं आईं। इसी प्लेन में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपानी भी सवार थे और उनका भी निधन हो गया। प्लेन जहां दुर्घटनाग्रस्त हुआ वहां चिकित्सकों के आवास थे जिसके कारण प्लेन में सवार लोगों के अलावा आम लोग भी इस दुर्घटना की जद में आ गए और काल का शिकार हो गए।हालांकि इस दुर्घटना में प्लेन में सवार केवल एक व्यक्ति जीवित बच पाया। जिसका उपचार चल रहा है। लोग इसे भगवान का चमत्कार मान रहे हैं। इस दुर्घटना को लेकर योग गुरु आचार्य बी दयाल अग्रवाल ने कहा कि साल 2025 हम भारतीयों के लिए मुश्किलों से भरा रहा है। पहले पहलगाम हमला, फिर आईपीएल समाप्ति पर भगदड़ और अब ये प्लेन क्रैश सारी घटनाओं में न जाने कितने मासूमो की जान चली गई। वह ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि आने वाला समय देश और देशवासियों के लिए सुखद हो।निवासी गौरव बंसल ने कहा कि इस विमान हादसे में न जाने कितने परिवारों ने अपनों को एक पल में खो दिया। ईश्वर उनका साहस बढ़ाए। इस दु:ख की घड़ी में ईश्वर सभी को हिम्मत दे। इस मौके पर बी दयाल अग्रवाल,गौरव बंसल सतीश बंसल, अनिल सिंह, संजय गौर, जगदीश वर्मा, श्री पाल, अजीत सिंह, दिनेश सिंह, सुभाष गर्ग, विनोद कुमार गुप्ता, अक्षय अग्रवाल, कमला प्रसाद वर्मा आदि सहित अन्य निवासी भी मौजूद रहे।