

गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर में आज लोगों की सुबह की शुरूआत बारिश के साथ हुई। गाजियाबाद के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। वहीं कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई है। दिल्ली एनसीआर में पड़ रही ठंड के बीच बारिश ने सर्दी और बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचने की चेतावनी दी है। आईएमडी के अनुसार, आज का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने से शनिवार को भी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने नए साल की पूर्व संध्या से पारा लुढ़कने के आसार जताए हैं। ऐसे में न्यूनतम तापमान छह डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। बारिश के चलते बाजारों में सूनापन दिखाई दिया। चाट-पकोड़ी और समोसे की दुकानों पर तो भारी भीड़ लोगों की दिखाई दी लेकिन अन्य दुकानों पर इक्का-दुक्का ही ग्राहक रहे। शहर के प्रमुख बाजारों तुराबनगर, गांधीनगर, दिल्ली गेट, नवयुग मार्केट आदि में तो ग्राहक ना के बराबर ही रहे। दूसरी तरफ छातों की बिक्री खूब हुई। बेमौसम की इस बारिश में तिरपाल, पिन्नी की भी खूब बिक्री हुई।



