पं. गोविन्द बल्लभ पन्त एक महान स्वतंत्रता सेनानी और भारत माता के सच्चे सपूत थे : मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पन्त की जयन्ती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर प्रदेशवासियों की ओर से अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुये कहा कि पं. गोविन्द बल्लभ पन्त एक महान स्वतंत्रता सेनानी और भारत माता के सच्चे सपूत थे। पं. गोविन्द बल्लभ पन्त का जन्म वर्तमान उत्तराखण्ड के अल्मोड़ा में हुआ था। उन्होंने तत्कालीन संयुक्त प्रान्त, स्वतन्त्र भारत में और देश के प्रथम आम चुनाव के उपरान्त उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाहन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैकड़ों वर्षों की गुलामी के चलते उस समय काफी चुनौतियां थीं। व्यवस्था अस्त-व्यस्त थी। व्यवस्था को ठीक करने और उत्तर प्रदेश को विकास के अग्रणी पायदान पर पहुंचाने के लिए पं. गोविंद बल्लभ पंत ने अनेक सकारात्मक कदम उठाए। उत्तर प्रदेश के विकास की कार्ययोजना बनाने में पंत जी की अविस्मरणीय भूमिका रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में सेवा देने के बाद पंत जी को वर्ष 1954 में देश के गृहमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर मिला। इस पद पर रहते हुए उन्होंने राजभाषा हिन्दी के लिए स्तुतितुल्य प्रयास किये और सरदार वल्लभ भाई पटेल जी द्वारा देश की एकता और अखण्डता के लिए किए गए प्रयासों को आगे बढ़ाया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



