राष्ट्रीय

प्रेस क्लब आफ इंडिया को मिली पहली महिला अध्यक्ष

  • संगीता बरुआ पिशारोटी की ऐतिहासिक जीत, पूरे पैनल ने 21-0 से किया क्लीन स्वीप
  • गाजियाबाद से अशोक कौशिक चुने गए प्रबंध समिति के सदस्य

नई दिल्ली। प्रेस क्लब आफ इंडिया (पीसीआई) के इतिहास में बीते रविवार को एक ऐतिहासिक क्षण दर्ज हुआ, जब वरिष्ठ पत्रकार संगीता बरुआ पिशारोटी को क्लब की पहली महिला अध्यक्ष चुना गया। यह उपलब्धि न केवल प्रेस क्लब बल्कि भारतीय पत्रकारिता जगत में महिला नेतृत्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। 13 दिसंबर 2025 को संपन्न हुए चुनाव में संगीता बरुआ पिशारोटी के नेतृत्व वाले पैनल ने सभी पदों पर शानदार जीत दर्ज करते हुए 21-0 से क्लीन स्वीप किया। अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में पिशारोटी को 1,019 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अतुल मिश्रा को 129 और अरुण शर्मा को 89 मतों से संतोष करना पड़ा।

महासचिव और उपाध्यक्ष पद पर भी बड़ी जीत

महासचिव पद के लिए अफजल इमाम ने 948 मत प्राप्त कर ज्ञान प्रकाश (290 मत) को बड़े अंतर से पराजित किया। उपाध्यक्ष पद पर जतिन गांधी ने 1,029 मत हासिल कर अपने प्रतिद्वंद्वी प्रह्लाद सिंह राजपूत को 900 से अधिक मतों के अंतर से शिकस्त दी। वहीं, अदिति राजपूत कोषाध्यक्ष और पी.आर. सुनील संयुक्त सचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए।

प्रबंध समिति के 16 सदस्यों का चयन

16 सदस्यीय प्रबंध समिति के चुनाव में नीरज कुमार ने सर्वाधिक 932 मत प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद अभिषेक कुमार सिंह (911), जहांवी सेन (903), अशोक कौशिक (892), कल्लोल भट्टाचार्जी (882), प्रवीन जैन (878), अग्रज प्रताप सिंह (865), मनोज शर्मा (861), न्यानिमा बसु (851), पी.बी. सुरेश (838), वी.पी. पांडे (833), प्रेम बहुखंडी (831), स्नेहा भूरा (829), जावेद अख्तर (823), रेजाउल हसन लस्कर (781) और सुनील कुमार (780) को समिति का सदस्य चुना गया।

परिणामों की घोषणा, पत्रकारों में उत्साह

चुनाव परिणामों की घोषणा प्रेस क्लब आफ इंडिया के मुख्य निर्वाचन आयुक्त एमएमसी शर्मा और उनकी टीम द्वारा रविवार शाम प्रेस क्लब परिसर में की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे और विजयी पैनल का स्वागत किया गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष का बयान

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद संगीता बरुआ पिशारोटी ने कहा कि यह जीत प्रेस क्लब के सदस्यों के उनके पैनल की सोच और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता के मूल्यों के प्रति विश्वास को दशार्ती है। उन्होंने कहा कि नई टीम प्रेस क्लब को और अधिक समावेशी और सशक्त मंच बनाने के लिए कार्य करेगी।

निवर्तमान पदाधिकारियों की प्रतिक्रिया

निवर्तमान अध्यक्ष गौतम लाहिड़ी ने प्रेस क्लब के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई टीम क्लब को और अधिक प्रासंगिक, संवेदनशील और समावेशी बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी। वहीं, निवर्तमान महासचिव नीरज ठाकुर ने इसे समानता, विविधता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रेस क्लब की प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक बताया। प्रेस क्लब आॅफ इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत पर प्रबंध समिति सदस्य अशोक कौशिक की ऐतिहासिक जीत की आधिकारिक घोषणा होते ही बधाई देने वाले पत्रकारों का प्रेस क्लब आॅफ इंडिया पर तांता लग गया और सभी ने पुष्प गुच्छ देकर अभिवादन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button