राजनीतिराष्ट्रीयलेटेस्टस्लाइडर

यूपी में राजनीतिक पारा हाई, खूब गरजे अमित शाह, अखिलेश व प्रियंका

लखनऊ। गुरुवार का दिन यूपी की राजनीति में रैलियों के नाम रहा। सहारनपुर में जहां केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह,सीएम योगी, डिप्टी सीएम डा. दिनेश शर्मा, केन्द्रीय मंत्री के अलावा प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों ने एक जनसभा को संबोधित किया। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ललितपुर में रैली को अपने गठबंधन के साथी ओपी राजभर के साथ संबोधित किया जबकि मुरादाबाद में कांग्रेस महासचिव एवं यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने रैली को संबोधित किया। सत्तारुढ़ भाजपा, सपा व कांग्रेस पूरा दम दिखा रहे हैं। 2022 चुनाव की विधिवत घोषणा होने में हालांकि अभी कुछ समय है लेकिन उत्तर प्रदेश की राजनीति का पारा बेहद गर्म है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के मथुरा में श्रीकृष्ण के मंदिर को लेकर किए गए ट्वीट पर बसपा व आम आदमी पार्टी अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। इन सबके बीच उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर हुई रैलियों में उमड़ी भीड़ को सत्ता पक्ष और विरोधी दलों के प्रमुख नेताओं ने संबोधित किया।
सहारनपुर में मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर जमकर प्रहार किया। 92 करोड़ की लागत से 50.43 एकड़ में जनता रोड स्थित पुंवारका में बनने वाले मां शाकुंभरी राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया गया। गृहमंत्री अमित शाह ने मंच से अखिलेश यादव को चुनौती दी और कहा कि आंकड़े सुधार लो अखिलेश जी अब यूपी में कानून का राज है। पहले माफिया राज था। दंगे होते तब, युवा मारे जाते थे। अखिलेश बाबू देख लीजिए, आज अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। कभी यही लोग ताने मारा करते थे कि ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तिथि नहीं बताएंगे। अखिलेश जी आप चश्मा कहां से लाते हो जिसे लगाकर आपको यूपी में अपराध बढ़ता दिख रहा है? आप घर जाकर आंकड़े खंगाल लीजिए, पता चल जाएगा कि आज यूपी में अपराध खत्म हुआ है, दंगे नहीं होते और कानून का राज है।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुंदेलखंड के अपने दो दिनी दौरे पर गुरुवार को ललितपुर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उनके निशाने पर भाजपा के साथ ही साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी थे।
ललितपुर के गिन्नौटबाग में हेलिकाप्टर से पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के साथ पहुंचे अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी के साथ ही उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ पर बड़ा गंभीर आरोप जड़ा। सदनशाह बाबा का दर्शन करने के बाद मंच संभालने वाले अखिलेश यादव ने भाजपा पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कह कि सत्ता में बैठे नेताओं ने वंशवाद की राजनीति के लिए हमेशा मुझे बदनाम किया है, लेकिन मैं आप सभी से बस इतना कहना चाहता हूं कि परिवार के हर सदस्य का दर्द एक परिवार का आदमी ही समझ सकता है। योगी अदित्यनाथ भले ही उत्तर प्रदेश के सीएम हों लेकिन सही मायने में वो ‘योगी’ नहीं हैं। योगी तो वो होता है जो दूसरों के दर्द को समझता है।
मुरादाबाद में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक जनसभा को संबोधित किया। समाजवादी पार्टी के गढ़ में कांग्रेस की यह चुनावी रैली पश्चिमी यूपी के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। प्रियंका चुनावी वादों के जरिए इस रैली में वोटरों को साधने की कोशिश की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button