फर्जी दूतावास चलाने वाले नटवरलाल को पुलिस ने लिया रिमांड पर, विदेशों में बैंक खातों का चला है पता

गाजियाबाद। कई देशों का फर्जी दूतावास चलाने वाले नटरवाल हर्षवर्धन जैन को कविनगर पुलिस ने रिमांड पर लिया है। कविनगर कॉलोनी में फर्जी दूतावास चलाकर हजारों लोगों को चूना लगाने वाले ठग हर्षवर्द्धन जैन को पुलिस मंगलवार को डासना जेल से बाहर लेकर आई है। पुलिस को जैन की 2 अगस्त तक रिमांड मिली है। इस दौरान पुलिस इस नटवरलाल से गहराई से पूछताछ करेगी। पुलिस उसे गुजरात समेत कई जगहों पर ले जाएगी। सोमवार को पुलिस ने कोर्ट से उसकी रिमांड हासिल की है। वहीं मंगलवार को उसे जेल से बाहर लाया गया। मंगलवार से उसकी रिमांड शुरू हो गई है। डासना जेल से निकालने के बाद पुलिस ने सबसे पहले उसकी मेडिकल जांच कराई। उसके बाद उसे अपनी कस्टडी में लिया। अगले पांच दिनों तक पुलिस उससे उसके अपराध को लेकर पूछताछ करेगी। इस दौरान पुलिस के अलावा एसटीएफ और ईडी भी उससे पूछताछ करेगी। हर्षवर्द्धन जैन की लंदन, मॉरीशस, दुबई समेत कई देशों में बैंक खातों का पता चला है। पुलिस उससे इन खातों के बारे में पूछताछ करेगी। पुलिस सूत्रों ने कहा कि हर्षवर्द्धन जैन को गुजरात और मुंबई भी ले जाया जा सकता है। बता दें कि कविनगर के एक कोठी को किराए पर लेकर हर्षवर्द्धन जैन ने फर्जी दूतावास खोल लिया था। इस दूतावास से वह लोगों को फर्जी सर्टिफिकेट और अन्य दस्तावेज जारी करता था। इसके बदले लाखों रुपए हासिल करता था। उसके पास से कई ऐसो देशों के स्टांप और कागज मिले, जो कहीं अस्तित्व में ही नहीं है। नोएडा एसटीएफ ने पिछले दिनों उसके आवास पर छापा मारकर फर्जी दूतावास का भंडाफोड़ किया था।



