उत्तर प्रदेशगाजियाबाद

आईटीएस की एनएसएस इकाई ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर निकाली तिरंगा रैली

गाजियाबाद। देशभक्ति और राष्ट्रीय गर्व की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आईटीएस मोहन नगर, गाजियाबाद के राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) के स्वयंसेवकों ने तिरंगा रैली का आयोजन किया। यह आयोजन स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पूरे देश में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना और देश की एकता एवं अखंडता के प्रति संकल्प को दोहराना है। इस अवसर पर आईटीएस दी एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमेन अर्पित चड्ढा ने सभी शिक्षकों एवं छात्रों को तिरंगा रैली में भाग लेने के लिए शुभकामनाएं दीं और उनका हौसला बढ़ाया। रैली की शुरूआत आई.टी.एस. परिसर से निदेशक डा. सुनील कुमार पांडे एवं वाइस प्रिंसिपल डा. नेन्सी शर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई। इस अवसर पर एन.एस.एस. स्वयंसेवकों, संकाय सदस्यों और छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों को 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर एनएसएस समन्वयक प्रो. अमित शर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं है, यह हमारे स्वतंत्रता संग्राम, बलिदान और एकता का प्रतीक है। इस रैली के माध्यम से हमारे एन.एस.एस. स्वयंसेवक देश के प्रति प्रेम और एक बेहतर भारत बनाने में सक्रिय भागीदारी का संदेश दे रहे हैं। रैली का मार्ग मोहन नगर के आसपास के प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरा, जिससे स्थानीय निवासियों का ध्यान आकर्षित हुआ और उन्हें भी इस अभियान से जुड़ने की प्रेरणा मिली। एनएसएस टीम के सदस्य डॉ. संदीप गर्ग, प्रो. आदिल खान, प्रो. विकास कुमार, प्रो. प्रशांत त्यागी और श्री विकास त्यागी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से इस अवसर की शोभा बढ़ाई। हर घर तिरंगा अभियान, आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति लोगों के व्यक्तिगत जुड़ाव को और गहरा करना तथा भारत की 78 वर्षों की स्वतंत्रता यात्रा का उत्सव मनाना है। कार्यक्रम का समापन शपथ ग्रहण समारोह के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने स्वतंत्रता, एकता और देशभक्ति के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button