लेटेस्टशहर

न कर्फ्यू, न दंगा, यूपी में सबकुछ चंगा: योगी

  • सीएम योगी ने गाजियाबाद में भरी हुंकार, मेयर समेत सभी प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा को किया संबोधित
  • विकास की रफ्तार बढ़ाने को भाजपा प्रत्याशियों को जिताएं
  • पूर्व की सरकारों में युवाओं के हाथों में होता था तमंचा, हमने दिए हैं टेबलेट
  • अवसरवादी व अराजकतावादी सरकार ने दिए दंगे और बेरोजगारी
  • भाजपा सरकार में बेटियां, महिलाएं व व्यापारी हैं सुरक्षित
    गाजियाबाद। निकाय चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंह ने शुक्रवार को गाजियाबाद में हुंकार भरी। मेयर प्रत्याशी सुनीता दयाल समेत सभी पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षद व सभासद प्रत्याशियों के पक्ष में जनता से वोट करने की अपील करते हुए सीएम योगी ने कहा कि विकास की रफ्तार बढ़ाने को भाजपा को जिताना होगा। कविनगर के रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नौ वर्ष व यूपी के छह वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को जहां गिनाया वहीं पूर्व की सरकारों पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश ने नौ साल के भीतर पीएम मोदी के नेतृत्व में अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। आज भारत दुनिया का सिरमौर है। कोरोना काल से लेकर अब तक देश की अस्सी करोड़ जनता को मुफ्त खादान्न देने का रिकार्ड भारत के नाम है। दुनिया के किसी देश में मुफ्त वैक्सीनेशन यदि किसी देश ने की है तो वह भारत है। आज पूरी दुनिया के देश भारत के बढ़ते कदमों को देख रहे हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश दिनोंदिन तरक्की की राह पर है। उन्होंने कहा कि छह वर्ष के कार्यकाल में भाजपा ने उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। पूर्व की सरकारें युवाओं को तमंचे थमा थीं लेकिन भाजपा की सरकार में युवाओं के हाथों में टेबलेट हैं। बेरोजगारी फौज थी, आज युवा रोजगार कर रहा है, अपना कारोबार कर रहा है। प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू का दौर खत्म किया है। अब त्योहार शांति से संपन्न होते हैं। कांवड़ यात्रा पूरे हर्षोल्लास से निकलती है। उन्होंने सपा सरकार की ओर इशारा करते हुए कहा कि वे कब्रिस्तान व हज हाउस बनवाते थे हमने कैलाश मानसरोवर भवन का निर्माण कराकर तीर्थ यात्रियों की यात्रा को सुगम करने का काम किया है। गाजियाबाद में ही उत्तराखंड व पूर्वांचल भवन का निर्माण भी कराया जा रहा है। उन्होंने पूर्व की सरकारों में गाजियाबाद की हालत को लेकर कहा कि वे छह बार सांसद रहे हैं, जब भी वे दिल्ली आते थे तो गाजियाबाद में आने का कतई मन नहीं करता था, यहां गंदगी का साम्राज्य था। अराजकता का माहौल था। यूपी में भाजपा की सरकार बनी तो गाजियाबाद आज स्वच्छता के मामले में यूपी में अपना अलग मुकाम हासिल किए हुए है। गाजियाबाद नगर निगम का अपना बांड है। उत्तर प्रदेश का यह दूसरा नगर निगम है जिसका अपना बांड है। उन्होंने मेयर प्रत्याशी सुनीता दयाल को लेकर कहा कि वे भाजपा की पुरानी कार्यकर्ता हैं। उन्हें जब भी किसी चुनाव की जिम्मेदारी संगठन ने सौंपी वहां-वहां भाजपा विजयी रही है। प्रत्याशियों को आगे कर वे उनके पीछे खड़ी होकर पूरी योजनाबद्ध तरीके से काम करती थीं। वे विधायक का चुनाव लड़ना चाहती थीं लेकिन संगठन को उनकी कार्यदक्षता की दरकार रहती थी, इसलिए इस बार संगठन ने उन्हें मेयर का प्रत्याशी बनाया है। आप सभी की जिम्मेदारी है कि सुनीता दयाल समेत सभी भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं। उन्होंने छह वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि 54 लाख लोगों को मकान दिए गए हैं, दो करोड़ 61 लाख शौचालय बनवाए गए हैं। वेस्ट यूपी में पुलों का जाल बिछाया गया है। एक्सप्रेस-वे बनवाए गए हैं। आज दिल्ली से मेरठ तक यात्रा सुगम तरीके से होती है। सीएम योगी ने कहा कि अगले माह रैपिड रेल का तोहफा भी आप लोगों को मिलने वाला है।
    बॉक्स
    कर्नाटक चुनाव न होते तो लोनी व खोड़ा जरूरत जाता
    सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कर्नाटक में चुनाव न होते तो वे लोनी व खोड़ा में जरूर जनसभा करने जाते लेकिन उन पर कर्नाटक में चुनाव प्रचार की जिम्मेदार भी है। उन्होंने कहा कि सभी जगह समग्र विकास कराया जाएगा। डबल इंजन की सरकार तेजी से विकास कार्य कर रही है। विकास की इस रफ्तार को तेज करने के लिए निकाय चुनाव भी भारी मतों से जीतना है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है। हमारे सांसद, विधायक, एमएलसी पैसे लाएंगे और क्षेत्र के विकास में खर्च करेंगे। उन्होंने कहा कि निकायों की मूलभूत समस्याओं का काफी हद तक समाधान किया गया है लेकिन अभी और विकास की आवश्यकता है, इसलिए मैं आपसे सहयोग मांगने आया हूं, मुझे सहयोग देकर भाजपा प्रत्याशियों को जिताने का काम करें।
    मंच से सभी प्रत्याशियों के लिए नाम, सुनीता दयाल का कई बार किया जिक्र
    सीएम योगी ने अपने बीस मिनट के संबोधन में मंच पर मौजूद सभी प्रत्याशियों, जनप्रतिनिधियों व संगठन के पदाधिकारियों के नाम लिए और उसके बाद अपना संबोधन शुरू किया। बाबा दूधेश्वर की धरा को नमन करते हुए उन्होंने बुद्ध पूर्णिमा की सभी को बधाई भी दी।
    मंच संचालन से छा गए आशु वर्मा
    पूर्व मेयर आशु वर्मा ने मंच संचालन भी धांसू किया। अपनी कड़क आवाज और अपनी चिरपरिचित शैली से जनसभा में आए लोगों के भीतर ऊर्जा का नया संचार करने का काम किया। आशु वर्मा वैसे भी राजनीति के मंझे हुए खिलाड़ी हैं, वे जनता की नब्ज को टटोलना जानते हैं। सीएम योगी की जनसभा और जनप्रतिनिधियों के लगे जमावड़े के बीच आशु वर्मा ने धाकड़ तरीके से अपनी बात रखते हुए कहा कि सीएम योगी माफियाओं को मिट्टी में मिलाने की बात ही नहीं करते हैं बल्कि उन्हें मिट्टी में भी मिलाते हैं।
    सांसद वीके सिंह ने मोदी-योगी के कार्यों की प्रशंसा की
    सांसद वीके सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यों की खूब प्रशंसा की। भारत की विकास दर और उपब्धियों को उन्होंने विस्तार से बताया। सीएम योगी के शासन को भी सराहते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश की बदली तस्वीर आपके सामने है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के 162 देश भारत में निवेश करने को तैयार हैं, इनमें से अधिकांश देश उत्तर प्रदेश में निवेश करने आ रहे हैं। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि देश और प्रदेश तरक्की की राह पर अग्रसर है। उत्तर प्रदेश में सीएम योगी ने औद्योगिक विकास का जा खाका खींचा है उससे विदेशों के उद्यमी उत्तर प्रदेश में उद्योग लगाना सबसे बेहतर मानते हैं। यहां सुरक्षा की गारंटी है। आज उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा निवेश विदेशी कर रहे हैं। आज उत्तर प्रदेश सबसे उन्नत प्रदेश बन गया है। डिजिटल इंडिया का पीएम मोदी का सपना साकार हो रहा है। हर रोज सौ लोग डिजिटल तकनीक से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास की इसी रफ्तार के लिए निकाय चुनावों में भाजपा को जिताना आप सभी की जिम्मेदारी है।
    सुनीता दयाल ने कहा-गाजियाबाद कमल खिलाने के लिए उर्वरक भूमि, मीडिया व पुलिसकर्मियों के सामने झुकाया शीश
    मेयर प्रत्याशी सुनीता दयाल ने अपने संबोधन में मीडियाकर्मियों व पुलिसकर्मियों का अभिभावदन करते हुए उनके समक्ष शीश झुकाने की बात कही। उन्होंने वे हमेशा मीडिया के साथियों के बीच रही हैं, हमारे पुलिसकर्मी अच्छा कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद की भूमि हमेशा कमल खिलाने के लिए उर्वरक रही है। यहां सपा-बसपा की सरकारों में भी कमल खिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा की पहचान कमल का फूल है। इसलिए कमल के फूल को खिलाना है। उन्होंने कहा कि सीएम योगी भारत के पूज्यनीय हैं, उन्होंने पूरे भारत और विदेश में उत्तर प्रदेश की अलग पहचान बनाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button