एनसीसी कर्मचारी अमित कौशिक ने पेश की ईमानदारी की मिसाल

- सड़क पर मिले कीमती सामान से भरे बैग को आफिस बुलाकर किया हकदार को सुपुर्द
गाजियाबाद। बीबीनगर बुलंदशहर निवासी एनसीसी कर्मचारी अमित कौशिक ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है। अमित कौशिक एनसीसी में हापुड़ में तैनात हैं, उनकी ड्यूटी लखनऊ एनसीसी निदेशालय में लगी हुई है। जानकारी के अनुसार अमित कौशिक अपने विभाग के अधिकारी को रिसीव करने उनके बंगले पर जा रहे थे कि राजभवन के सामने एक बैग पड़ा हुआ उन्हें दिखाई दिया। उन्होंने गाड़ी रोककर उस बैग को सावधानी से चेक किया तो उस बैग के अंदर एक मोबाइल फोन एप्पल का जिसकी कीमत बाजार में लाख रुपए से ज्यादा है, कुछ जरूरी कागजात, नौ हजार छह सौ रुपए और एक सोने की अंगूठी निकली। उक्त सभी सामान को अमित कौशिक ने अपने पास सुरक्षित रख लिया। कुछ देर बाद उस फोन पर एक अधिवक्ता का फोन आया कि वो फोन और बैग उसका है। अमित कौशिक ने उस अधिवक्ता को अपने आॅफिस बुलाया और आर्मी अधिकारी अतरंजन गौड़ एडम जेसीओ की उपस्थिति में बैग की सारी जानकारी लेकर उक्त सभी सामान को उस अधिवक्ता को वापस सौंप दिया। एनसीसी निदेशालय में सभी अधिकारी और कर्मचारियों द्वारा अमित कौशिक की ईमानदारी की तारीफ की गई । बीबीनगर कस्बे में जब अमित कौशिक की ईमानदरी के बारे पता चला तो माता पिता सहित कस्बावासी भी गौरांवित हैं। कस्बेवासियों का कहना है कि लखनऊ निदेशालय वापस आने के बाद अमित को उसकी ईमानदारी के लिए सम्मानित भी किया जाएगा।



